Chhattisgarh News: राष्ट्रीय इनवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में राज्य इनवेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) का गठन होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है। छत्तीसगढ़ राज्य में आतंकवाद, नक्सलवाद, वामपंथी उग्रवादी जैसे विशेष मामलों, प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी अनुसंधान एवं अभियोजन के लिए राज्य इनवेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) के गठन का निर्णय लिया गया। यह एजेंसी राष्ट्रीय इनवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के साथ समन्वय के लिए राज्य के नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगी। इसके लिए एक पुलिस अधीक्षक सहित कुल 74 नवीन पदों का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर बताया कि कैबिनेट की मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए। सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में छत्तीसगढ़ आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन होगा। हमारी सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 का वार्षिक बजट प्रस्तुत करते समय छत्तीसगढ़ की वर्तमान जीएसडीपी 5 लाख करोड़ को आगामी 5 सालों में 10 लाख करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा लोकतंत्र प्रहरियों को सम्मान निधि फिर से मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के सफल क्रियान्वयन, उपलब्ध संसाधनों के सर्वोत्तम संभव उपयोग हेतु और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पृथक विभाग सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन करने का हमारी सरकार ने निर्णय लिया है।
