देश

अंतरिक्ष पहुंचकर भारत का नाम किया रोशन, देश कर रहा वतन वापसी का इंतजार, कब तक लौटेंगे शुभांशु शुक्ला?

इस मिशन को अभूतपूर्व बताते हुए सिंह ने कहा कि कक्षीय प्रयोगशाला में अपने प्रवास के दौरान शुक्ला द्वारा किए गए प्रयोग मानव अस्तित्व और सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में जीवन से निकटता से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रयोग न केवल भारतीयों के लिए, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी होंगे।

Image

कब तक भारत लौटेंगे कैप्टन शुभांशु शुक्ला ? (Axiom Mission)

Shubhanshu Shukla Return Date: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के मिशन बाद की कई प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद 17 अगस्त तक भारत पहुंचने की उम्मीद है। शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिनों के प्रवास के बाद मंगलवार को पृथ्वी पर लौटे। जितेंद्र सिंह ने पीटीआई को बताया कि कुछ मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया जाना है... उनका पुनर्वास, डीब्रीफिंग सत्र और इसरो की टीम के साथ कई चर्चाएं। हम 17 अगस्त तक उनके दिल्ली पहुंचने की उम्मीद कर सकते हैं।

शुभांशु के प्रयोग होंगे बेहद उपयोगी

इस मिशन को अभूतपूर्व बताते हुए जितेद्र सिंह ने कहा कि कक्षीय प्रयोगशाला में अपने प्रवास के दौरान शुक्ला द्वारा किए गए प्रयोग मानव अस्तित्व और सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में जीवन से निकटता से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रयोग न केवल भारतीयों के लिए, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी होंगे। सिंह ने कहा कि यह भारत के लिए अत्यंत खुशी का क्षण है कि भारत माता का एक योग्य सपूत आज सफलतापूर्वक लौट आया है।

वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में भारत की बढ़ती भूमिका

मंत्री ने कहा कि शुक्ला की यात्रा वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी हमें हमेशा 'वसुधैव कुटुम्बकम' के सिद्धांत के बारे में सिखाते हैं और हमें याद दिलाते हैं कि भारत को एक वैश्विक मित्र के रूप में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, आज शुभांशु ने सही मायने में वैश्विक मंच पर भारत के प्रतिनिधि के रूप में काम किया है। उन्होंने इसी भावना के साथ इस मिशन को अंजाम दिया।

‘एक्सिओम-4’ मिशन

भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन और लखनऊ के मूल निवासी शुभांशु शुक्ला, राकेश शर्मा के 1984 के मिशन के बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय और आईएसएस का दौरा करने वाले पहले भारतीय हैं। भारतीय वायुसेना के 39 वर्षीय अधिकारी और टेस्ट पायलट शुभांशु शुक्ला ने ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तहत अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा पूरी की। यह एक वाणिज्यिक अंतरिक्ष उड़ान थी, जिसे इसरो और नासा का समर्थन प्राप्त था और इसे एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित किया गया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article