Shivraj Singh Chouhan: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान माइक्रोब्लागिंग वेबसाइट X पर अपना बॉयो बदल लिया है। अब उनके इस हैंडल पर लिखा है कि वह 'मध्य प्रदेश का पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ ही भाई और मामा' हैं। तीन दिसंबर को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को बंपर जीत मिली। विधानसभा की 230 सीटों में से भगवा पार्टी ने 163 सीटों पर जीत दर्ज की।
भाजपा ने दर्ज की शानदार जीत
भाजपा की इस शानदार सफलता के पीछे शिवराज सिंह चौहान की बड़ी भूमिका है। हालांकि, उन्हें राज्य का सीएम नहीं बनाया गया। समझा जाता है कि भाजपा की इस जीत के पीछे शिवराज सरकार की महिला केंद्रित नीतियों एवं योजनाएं रही हैं। खासकर लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित होने वाले महिलाओं ने लामबंद होकर भाजपा को वोट दिया। शिवराज सिंह राज्य में सभी महिलाओं को अपनी बहन मानते हैं। वे कहते हैं कि एमपी के बच्चों को वह मामा हैं। 'भाई और मामा' के रिश्ते से उन्होंने लोगों के साथ भावनात्मक रिश्ता कायम किया है।

Shivraj Singh Chouhan
एमपी के चार बार सीएम रहे शिवराज
भाजपा विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान की जगह मोहन यादव को सीएम नामित किया गया। बुधवार को मोहन यादव ने प्रदेश के 19वें सीएम के रूप में शपथ ली। शिवराज एमपी के चार बार सीएम रह चुके हैं। वह पांचवीं बार सीएम बनने से चूक गए। सीएम नहीं बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। अब उसे लौटाने का समय है। सूत्रों का कहना है कि शिवराज सिंह को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्हें किसी महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अभी शिवराज सिंह के पास कोई आधिकारिक पद नहीं है।
