Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक महिला द्वारा अपने गांव में दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना दिये जाने के बाद सुरक्षा बलों ने बुधवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा गघवाल और उसके आसपास के इलाकों में संयुक्त तलाशी अभियान जारी है।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों ने बताया कि यह कदम तब उठाया गया जब एक स्थानीय महिला ने पुलिस को बताया कि सेना की वर्दी पहने दो व्यक्ति उसके घर आए और पानी मांगा और इसके बाद चले गए। उन्होंने कहा कि वे अपने 'शिविर' में लौट रहे थे। महिला ने तत्काल प्रभाव से मामले की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया।
शोपियां में तीन आतंकवादी ढेर
इससे पहले सुरक्षाबलों ने शोपियां जिले में मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के 'ऑपरेशन कमांडर' शाहिद कुट्टे समेत तीन आतंकवादी ढेर कर दिया। अधिकारियों ने बताया था कि शाहिद कुट्टे कश्मीर घाटी में आतंकवादियों की भर्ती का जिम्मा संभालता था और उसने कई युवाओं को एलईटी में शामिल होने के लिए बरगलाया था।
अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार को शुकरू केलर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में शाहिद कुट्टे के साथ शोपियां के वंदुना मेलहुरा इलाके का रहने वाला अदनान शफी और पड़ोसी पुलवामा जिले के मुर्रान क्षेत्र का निवासी एहसान उल हक शेख भी मारा गया। उन्होंने बताया था कि तीनों आतंकवादी लंबे समय से दक्षिण कश्मीर में सक्रिय थे और कई आतंकवादी हमलों को अंजाम देने में शामिल थे।
