शहर

'इतिहास का सबसे डरपोक और कमजोर सीएम', महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा का उमर अब्दुल्ला पर बड़ा हमला

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने युवाओं और युवतियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, अवसाद और नशे की समस्या पर चिंता जताई। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर जोरदार निशाना साधते हुए उन्हें इतिहास का सबसे कमजोर और डरपोक सीएम करार दिया।

Image

शोपियां में इल्तिजा मुफ्ती का बड़ा जुबानी हमला (फोटो: X/@jkpdp)

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की वरिष्ठ नेता इल्तिजा मुफ्ती ने युवाओं, विशेषकर युवतियों के साथ एक खास बातचीत की। इस दौरान घाटी के नौजवानों में पनप रही निराशा, बेरोजगारी, आरक्षण और नशे की समस्या जैसे गंभीर मुद्दों पर गहराई से चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान इल्तिजा मुफ्ती ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कश्मीर का युवा और 'जनरेशन जेड' (Gen Z) इस वक्त भारी डिप्रेशन और हताशा के दौर से गुजर रहा है।

घाटी में नौकरियों की भारी कमी है, जिसके चलते नौजवान नशे और शराब की लत की तरफ बढ़ रहे हैं। पीडीपी नेता ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी युवाओं के पास केवल उनकी समस्याओं को सुनने, उनसे संवाद स्थापित करने और एक सकारात्मक बहस शुरू करने के उद्देश्य से आई है। उन्होंने शोपियां की युवा महिलाओं के आत्मविश्वास और तीखे सवालों की सराहना की, जिन्होंने रोजगार और समान अवसरों पर अपनी बात बेबाकी से रखी।

मुख्यमंत्री को इतना रक्षात्मक होने की जरूरत नहीं-इल्तिजा मुफ्ती

युवाओं के मुद्दों पर बात करने के साथ ही इल्तिजा मुफ्ती ने राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर बेहद तीखा राजनीतिक हमला बोला। उमर अब्दुल्ला की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इल्तिजा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर या भारत के इतिहास में इतना कमजोर और डरपोक मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा गया, जो बैठकों का एजेंडा कुछ ही घंटे पहले जारी करता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इतना रक्षात्मक होने की जरूरत नहीं है। उमर अब्दुल्ला को अपने पद के अनुसार मजबूती, आत्मविश्वास और जनता के अधिकारों के लिए लड़ने की इच्छाशक्ति दिखानी चाहिए, जो फिलहाल उनमें पूरी तरह से गायब नजर आ रही है। इल्तिजा ने जोर देकर कहा कि राज्य के बेहतर भविष्य के लिए युवाओं की आकांक्षाओं को नीतियों का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article