सवाई माधोपुर : जिले में बृहस्पतिवार को तेंदुए के हमले में तीन वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, घटना दूमोदा गांव के बैरवा मोहल्ले की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। आक्रोशित लोगों ने स्थानीय प्रशासन और फलौदी रेंज के पास जमकर हंगामा काटा और आदमखोर को पकड़ने की मांग की।
दिलखुश बैरवा को घर से उठा ले गया तेंदुआ
रणथंभौर बाघ अभयारण्य के उपवन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि दूमोदा गांव निवासी संजय बैरवा का बेटा दिलखुश बैरवा घर के आंगन में खेल रहा था तभी अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और बच्चे को दबोचकर जंगल की ओर ले गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मोहाली में निर्माणाधीन हॉस्पिटल में मिट्टी धंसी, दो मजदूरों की मौत, कई फंसे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बच्चा पहाड़ी पर लहूलुहान हालत में मिला
उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जंगल में बच्चे की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश अभियान चलाया। अधिकारी ने बताया कि बच्चा पहाड़ी पर लहूलुहान हालत में मिला। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - संभलकर लीजिए सांस! NCR में 'जहरीली' हवा भेज रहा पाकिस्तान; प्रदूषण में पड़ोसी का बड़ा हाथ
फलौदी रेंज कार्यालय पर ग्रामीणों का हंगामा
बच्चे की मौत की खबर सुनकर गुस्साए ग्रामीणों ने फलौदी रेंज कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने फलौदी रेंज कार्यालय में रखी मोटरसाइकिल को आग लगा दी। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है। फलोदी वन क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
