लीड्स: इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के लीड्स के हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले मुकाबले में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। बारिश से प्रभावित दूसरे दिन इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 366 रन बना लिए हैं। पहली पारी में उसके पास 195 रन की बढ़त हो गई है। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में सबसे ज्यादा 91 रन की पारी हैरी ब्रूक ने खेली वो शतक पूरा करने से चूक गए। उनके अलावा जॉर्डन कॉक्स ने 73, कप्तान जो रूट ने 66 और डैन लॉरेंस ने 51 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 5 विकेट उस्मान अली ने लिए। वहीं एक-एक सफलता मोहम्मद अब्बास, खुर्रम शहजाद और मोहम्मद अली को मिली।
रूट और कॉक्स ने तीसरे विकेट के लिए की शतकीय साझेदारी
बारिश की वजह से दूसरे दिन का खेल देरी से शुरू हुआ। दिन का पहला सत्र बारिश की भेंट चढ़ गया। ऐसे में 2 विकेट पर 112 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड की पारी को जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 157 गेंद में पूरी की और इंग्लैंड को 150 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद कॉक्स ने 78 गेंद में 10 चौके और जो रूट ने 95 गेंद में 8 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। तीसरे विकेट के लिए दोनों ने 150 रन की साझेदारी भी पूरी कर ली। इस साझेदारी में कॉक्स ने 73 और रूट ने 62 रन का योगदान दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ जो रूट ने जड़ा कप्तानी अर्धशतक, सचिन तेंदुलकर के एक और रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंचे
चायकाल तक इंग्लैंड ने बनाए 4 विकेट पर 239 रन
200 रन के आंकड़े तक पहुंचने से ठीक पहले कॉक्स की पारी का अंत अली अली उस्मान ने कर दिया। कॉक्स विकेट के पीछे रिजवान के हाथों लपके गए। उन्होंने 73(100) रन बनाए और अपनी पारी में 14 चौके जड़े। इसके बाद 202 के स्कोर पर जो रूट को खुर्रम शहजाद ने एलबीडब्लू करके चौथा झटका इंग्लैंड को दे दिया। चायकाल तक इंग्लैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे। हैरी ब्रूक 15 और डैन लॉरेंस 22 रन बनाकर खेल रहे थे।
हैरी ब्रूक और लॉरेंस ने जड़े अर्धशतक
चायकाल के बाद ब्रूक और लॉरेंस ने पारी के आगे बढ़ाया। दोनों ने इंग्लैंड को 250 रन के पार पहुंचाया और इसके बाद हैरी ब्रूक ने अपना अर्धशतक 55 गेंद में 8 चौके की मदद से पूरा कर लिया। इंग्लैंड ने 67वें ओवर की पहली गेंद पर 300 रन भी पूरे कर लिए। इसके बाद लॉरेंस और ब्रूक ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। लॉरेंस ने इसके बाद अपना अर्धशतक 76 गेंद में 9 चौकों की मदद से पूरा कर लिया। 322 के स्कोर पर लॉरेंस 51 रन बनाकर अली उस्मान की गेंद पर रिजवान के हाथों विकेट के पीछे लपके गए।
शतक से चूके हैरी ब्रूक, अली उस्मान ने झटका पंजा
322 के स्कोर पर पांच विकेट गंवाने के बाद ब्रूक ने जैमी स्मिथ के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 350 रन के पार पहुंचा दिया। तेजी से बल्लेबाजी कर रहे ब्रूक को अली उस्मान ने बोल्ड कर दिया। ब्रूक अपना शतक पूरा करने से चूक गए। उन्होंने 91(93) रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके जड़े। ब्रूक के आउट होने के बाद स्मिथ को गस एटकिंसन का साथ मिला। स्मिथ एक छोर संभाल रहे लेकिन दूसरे छोर से अली उस्मान ने अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखी और लगातार दो झटके एटकिंसन और ओली रॉबिनसन के रूप में इंग्लैंड को दिए। एटकिंसन 3(15) रन बनाकर एलबीडब्लू हो गए। वहीं ओली रॉबिनसन पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। 364 रन पर 8 विकेट इंग्लैंड ने गंवा दिए।
