क्रिकेट

पाकिस्तान के खिलाफ जो रूट ने जड़ा कप्तानी अर्धशतक, सचिन तेंदुलकर के एक और रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंचे

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने गुरुवार को हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड की बराबरी 66 रन की कप्तानी पारी खेलकर कर ली।

Image

जो रूट और सचिन तेंदुलकर (फोटो क्रेडिट AI Generated)

लीड्स: इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने गुरुवार को हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। रूट ने जैसे ही अपना अर्धशतक 95 गेंद में 8 चौके की मदद से पूरा किया वो टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सचिन तेंदुलकर के साथ साझा रूप से सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ये उपलब्धि करियर के 167वें टेस्ट में हासिल की। जो रूट 66(112) रन बनाकर खुर्रम शहजाद की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके जड़े।

टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी

जो रूट ने लीड्स में टेस्ट करियर का 68वां अर्धशतक पूरा किया। सचिन तेंदुलकर ने 68वां अर्धशतक अपने करियर के 200वें टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा था। रूट को इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 33 टेस्ट कम खेलने पड़े हैं। वेस्ट इंडीज़ के शिवनारायण चंद्रपॉल 66 के साथ दूसरे स्थान पर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर और भारत के राहुल द्रविड़ के नाम 63-63 फिफ्टी के साथ तीसरे पायदान पर हैं। हालांकि सचिन तेंदुलकर सबसे ज्यादा 50 रन से ज्यादा की पारी खेलने के मामले में पहले पायदान पर हैं। 51 शतक और 68 अर्धशतक के साथ सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में पचास रन से ज्यादा की 119 पारियां खेली हैं। वहीं रूट 68 अर्धशतक और 41 शतक के साथ 109 के आंकड़े तक पहुंच गए हैं।

बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट में अर्धशतक

बतौर कप्तान टेस्ट सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने के मामले में भी जो रूट ने अपनी स्थिति में सुधार किया है। 42 के आंकड़े के साथ वो कप्तानों में पांचवें स्थान पर आ गए हैं। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के ग्रीह्म स्मिथ 61 के आंकड़े के साथ पहले,ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग(54) दूसरे, एलन बॉर्डर (51) तीसरे और पाकिस्तान के मिस्बाह उल हक (43) चौथे पायदान पर काबिज हैं।

सचिन के रनों के रिकॉर्ड से हैं इतनी दूर

रूट की यह नई उपलब्धि उनके शानदार टेस्ट करियर में एक और मील का पत्थर है। क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में उनकी स्थिति और मजबूत हो गई है। रूट अपनी 66 रन की पारी की बदौलत टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ने के और करीब पहुंच गए हैं। उनके खाते में 167 टेस्ट की 305 पारी में 50.64 के औसत से 14180 रन दर्ज हो गए हैं। सचिन तेंदुलकर के 15,921 रन के रिकॉर्ड को तोड़ने से 1741 रन दूर हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article