देश

'जेल में केजरीवाल के साथ कुछ भी हो सकता है', AAP के संजय सिंह का दावा

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 19, 2024, 03:17 PM IST

Delhi News: संजय सिंह ने दावा किया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा है कि जेल में उनके साथ कुछ भी हो सकता है। ईडी ने अदालत में केजरीवाल के डायबिटीज पर कहा था कि वो आम और मिठाई खा रहे हैं, जिसके बाद सियासत गरमा गई है।

Image

केजरीवाल के खिलाफ गहरी साजिश रचने का आरोप।

Photo : Times Now Digital

Sanjay Singh on Kejriwal: अरविंद केजरीवाल डायबिटीज होने के बावजूद जेल में आम और मिठाई खा रहे हैं, ये दावा प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली की अदालत में किया, जिसके बाद सियासत में उबाल आ गया है। आम आदमी पार्टी के नेता ईडी के दावों के बाद लगातार हमलावर हैं। पहले दिल्ली की मंत्री आतिशी ने ये कहा कि केजरीवाल के खिलाफ साजिश रची जा रही है, तो अब राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ये कहा है कि जेल में सीएम केजरीवाल को कुछ भी हो सकता है।

केजरीवाल के खिलाफ रची जा रही गहरी साजिश

अब आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ये आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है और जेल में उनके साथ कुछ भी हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 'तंत्र' किसी की हत्या करने के स्तर तक गिर सकता है। संजय सिंह के आरोपों पर भाजपा ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

AAP का आरोप- फैलाई जा रही हैं 'भ्रामक खबरें'

राज्यसभा सांसद ने केजरीवाल की बीमारी का 'मजाक उड़ाने' के लिए भाजपा नेताओं की आलोचना की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के बारे में मीडिया के माध्यम से 'भ्रामक खबरें' फैलाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया, 'यदि जेल के नियमों के अनुसार किसी कैदी की स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां साझा करने की इजाजत नहीं होती है तो ईडी ने बृहस्पतिवार को मीडिया में केजरीवाल का फर्जी आहार चार्ट क्यों साझा किया?'

केजरीवाल को मारने की साजिश रचने का आरोप

संजय सिंह के आरोप पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि केजरीवाल न तो टूटेंगे और न ही झुकेंगे। इससे पहले दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार को यह आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में घर के बने भोजन और इंसुलिन से वंचित कर मारने की साजिश रची जा रही है, लेकिन जेल अधिकारियों ने उनके इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया।

ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। ईडी द्वारा एक अदालत के समक्ष यह दावा किए जाने के कुछ घंटों बाद आतिशी ने ये आरोप लगाए हैं। निदेशालय ने कहा था कि केजरीवाल मेडिकल जमानत या अस्पताल में स्थानांतरित होने के लिए मधुमेह होने के बावजूद हर दिन आम, केले और मिठाई जैसे ज्यादा चीनी वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article