Arvind Kejriwal News: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल को लेकर बड़ा दावा किया है। शनिवार को संजय सिंह ने कहा कि तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपनी पत्नी से व्यक्तिगत मुलाकात की इजाजत नहीं है, वे केवल एक खिड़की के जरिए ही उनसे मुलाकात कर सकते हैं। संजय सिंह ने इसे अमानवीय बताया।
संजय सिंह ने कहा, खूंखार से खूंखार अपराधियों को भी अपने बैरक में मुलाकत करने की अनुमति है, लेकिन तीन बार चुने हुआ मुख्यमंत्री अपनी पत्नी से बैरक में मुलाकात नहीं कर सकता, उन्हें खिड़की के बीच शीशा लगाकर मुलाकात करवाई जा रही है, ऐसा अमानवीय व्यवहार क्यों?
फेस टू फेस ही हो सकती है मुलाकात
आप नेता ने दावा किया कि जब सुनीता केजरीवाल ने अपने पति अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के लिए आवेदन किया तो उनसे कहा गया कि वे केवल आमने-सामने ही मुलाकात कर सकते हैं। उन्हें एक कमरे के अंदर व्यक्तिगत रूप से मिलने से मना कर दिया गया। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के इशारे पर यह सब जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री को अपमानित करने और उनका मनोबल तोड़ने के लिए किया जा रहा है। उन्हें उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
भगवंत मान भी खिड़की के जरिए ही कर सकेंगे मुलाकात
तिहाड़ प्रशासन ने फिलहाल संजय सिंह के दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, शुक्रवार को जेल अधिकारियों ने केजरीवाल की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मुलाकात की तारीख 15 अप्रैल तय की थी और कहा कि वह आप संयोजक से खिड़की के जरिए ही एक सामान्य आगंतुक के रूप में मुलाकात कर सकते हैं। बता दें, केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और निजी सचिव विभव कुमार से मंगलवार को तिहाड़ जेल के अंदर मुलाकात की थी।
