Rajasthan New CM : काफी सस्पेंस के बाद आखिरकार राजस्थान को नया सीएम मिल गया है। भजनलाल शर्मा अगले मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम का चुनाव हुआ। 56 साल के शर्मा सांगनेर से विधायक हैं। वह पहली बार विधायक बने हैं। भजनलाल ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। भजनलाल राजस्थान भाजपा में महामंत्री हैं। भजन लाल शर्मा जयपुर की सांगानेर विधानसभा से पहली बार विधायक चुने गए है। बीजेपी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक अशोक लौहाटी का टिकट काट कर भजन लाल शर्मा को दिया। शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48081 वोटों से शिकस्त दी। दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा राजस्थान के डिप्टी सीएम होंगे। वासुदेव देवनानी स्पीकर बनाए गए हैं।
भजनलाल के सीएम बनने की घोषणा होने के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह है। उनके नाम की घोषणा होते ही समर्थक जोश में आ गए और जश्न मनाने लगे।
राजनीति विज्ञान में पीजी हैं शर्मा
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया। भजनलाल भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। उनके पास राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री है। विधायक दल की बैठक से पहले एक ग्रुप फोटो खींची गई जिसमें वह आखिरी पंक्ति में खड़े थे।
गुटबाजी की खबरें आई थीं
इसके पहले मंगलवार की सुबह ही विधायक किरोड़ी लाल मीणा, वासुदेव देवनानी सहित कई बीजेपी विधायक पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंच गए। पहले सीएम पद के लिए बीजेपी में गुटबाजी की खबरें सामने आई थीं। ऐसे में बीजेपी ने भी 'प्लान बी' बनाते हुए जीतने वाले 8 निर्दलीय विधायकों को जयपुर बुला लिया था। जयपुर पहुंचे निर्दलीय विधायक एक होटल में रुके रहे। इन विधायकों को बैठक में शामिल होने का न्योता नहीं था।
सांसदों के इस्तीफे के बाद तेज हो गई थीं अटकलें
इससे पहले राजस्थान के राजसमंद की सांसद दीया कुमारी, जयपुर के सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा और अलवर के सांसद बाबा बालक नाथ ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि पार्टी वसुंधरा के अलावा किसी दूसरे चेहरे पर दांव खेल सकती है।
पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं: मीणा
वहीं जयपुर पहुंचे बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विधायक किरोड़ी लाल मीणा से वसुंधरा राजे के यहां विधायकों की बैठक को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है।
