Bihar Politics: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इस दौरान तेज प्रताप यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी हमेशा से ही मेरे दिल के काफी करीब रहे हैं... मैं इस लड़ाई में अकेला नही हूं।
तेज प्रताप पर टूटा दुखो का पहाड़
हाल ही में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और परिवार दोनों से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस बीच, अखिलेश यादव ने तेज प्रताप को वीडियो कॉल कर उनका हालचाल जाना। इस वीडियो कॉल का एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा करते हुए तेज प्रताप यादव भावुक हो गए।
तेज प्रताप ने क्या कुछ कहा?
तेज प्रताप ने एक पोस्ट में कहा, ''आज मेरे परिवार के सबसे प्यारे सदस्यों में से एक यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय अखिलेश यादव जी से वीडियो कॉल पर लंबी वार्ता हुई। इस दौरान बिहार के राजनीतिक हालातों पर भी चर्चा हुई... अखिलेश जी हमेशा से ही मेरे दिल के काफी करीब रहे हैं और आज जब मेरा हालचाल लेने के लिए उनका अचानक से कॉल आया तो ऐसा लगा जैसे मैं अपनी इस लड़ाई में अकेला नही हूं...''
इससे पहले तेज प्रताप ने अपनी भूमिका को लेकर एक बयान जारी किया था जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ साजिश रचने वालों को चेताया था। उन्होंने एक पोस्ट में कहा था, ''मेरी खामोशी को मेरी कमजोरी समझने की भूल करने वालो, ये मत समझना कि मुझे तुम्हारी साजिशों का पता नहीं, शुरुआत तुमने की है अंत मैं करूंगा, झूठ और फरेब के बनाये इस चक्रव्यूह को तोड़ने जा रहा हूं, तैयार रहना सच सामने आने वाला है, मेरी भूमिका मेरी प्यारी जनता और माननीय सर्वोच्च न्यायालय तय करेगा, कोई दल या परिवार नहीं...''
