देश

'पंख आपके हैं, आसमान किसी का नहीं...'; 'मोदी की प्रशंसा' कर कांग्रेस के निशाने पर थरूर; खरगे पर बोला परोक्ष हमला

कांग्रेस के कद्दावर नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर परोक्ष हमला बोला। उन्होंने कहा कि उड़ान भरने के लिए अनुमति नहीं मांगो। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष ने शशि थरूर के संबंध में कहा था कि कुछ लोगों के लिए 'मोदी फर्स्ट' है, लेकिन मुख्य विपक्षी दल के लिए देश सबसे पहले हैं।

Image

तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर (बाएं) और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (दाएं) (फोटो साभार: @ShashiTharoor)

Photo : Twitter

कांग्रेस के कद्दावर नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर परोक्ष हमला बोला। उन्होंने कहा कि उड़ान भरने के लिए अनुमति नहीं मांगो। दरअसल, शशि थरूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा को लेकर कांग्रेस नेताओं के निशाने पर हैं।

थरूर का पलटवार

शशि थरूर ने 'एक्स' पर अंग्रेजी का एक संदेश साझा कर खरगे पर परोक्ष हमला बोला। उन्होंने कहा, ''उड़ान भरने के लिए अनुमति नहीं मांगो। पंख आपके हैं, और आसमान किसी का नहीं है...'' शशि थरूर के इस संदेश को कांग्रेस के प्रति उनकी नाराजगी और खरगे पर परोक्ष हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

क्या कुछ बोले थे खरगे?

कांग्रेस अध्यक्ष ने शशि थरूर के संबंध में कहा था कि कुछ लोगों के लिए 'मोदी फर्स्ट' है, लेकिन मुख्य विपक्षी दल के लिए देश सबसे पहले हैं। खरगे ने तंज भरे लहजे में कहा, ''अंग्रेजी मुझे पढ़नी नहीं आती। उनकी भाषा बहुत अच्छी है। इसलिए तो उन्हें पार्टी की कार्य समिति का सदस्य बनाया है।''

ऑपरेशन सिंदूर का हवाला देते हुए खरगे ने कहा कि सभी विपक्षी दलों ने कहा कि हम देश की सेना के साथ हैं। पहले मैंने गुलबर्ग में यह कहा था कि देश सबसे बड़ा है, सब मिलकर आवाज उठाएंगे। हमने कहा था कि देश पहले है। चंद लोग ऐसे हैं जिनके लिए ‘मोदी फर्स्ट’ और देश बाद में हैं। अब हम क्या करें?

'देश के लिए हम लड़ते रहेंगे'

थरूर की टिप्पणी से संबंधित एक अन्य सवाल पर खरगे ने कहा, ''जिसको जो लिखना आता है वह लिखेंगे, उसको लेकर हम अपना दिमाग नहीं लगाना चाहते हैं। हमारा एक लक्ष्य है कि देश में एकता रहे, देश की सुरक्षा रहे। देश के लिए हम लड़ते रहेंगे, किसी की बात पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article