केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में राज्य के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया और उसे जरूरत के मुताबिक आर्थिक मदद भी नहीं मिली। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए पहले के मुकाबले काफी ज्यादा पैसा दिया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 साल में राज्य में सड़क, रेल, हवाई सेवा और दूसरी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
अरुणाचल को लेकर अमित शाह का बड़ा दावा
ईटानगर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने केंद्र सरकार की ओर से अरुणाचल प्रदेश को दी गई आर्थिक सहायता के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के कार्यकाल में राज्य को 33,530 करोड़ रुपये दिए गए थे। वहीं, 2014 से 2024 के बीच एनडीए सरकार के कार्यकाल में यह राशि बढ़कर 1,64,664 करोड़ रुपये हो गई। शाह के मुताबिक, राज्य को मिलने वाले टैक्स में हिस्सेदारी चार गुना बढ़ी है, जबकि अलग-अलग योजनाओं के तहत मिलने वाली ग्रांट में 18 गुना बढ़ोतरी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जीरकपुर में होटल की तीसरी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग
12 साल में तीन गुना हुआ राज्य का बजट
गृह मंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) का बजट पहले करीब 12 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 36 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इसे राज्य में विकास की रफ्तार बढ़ने का संकेत बताया। शाह ने कहा कि ये आंकड़े दिखाते हैं कि मोदी सरकार पूर्वोत्तर राज्यों के विकास को कितनी प्राथमिकता दे रही है।
सीमावर्ती गांवों को बताया देश के पहले गांव
अमित शाह ने केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती गांवों को देश के आखिरी गांव कहने की सोच बदल दी है। अब इन्हें देश के पहले गांव के रूप में देखा जाता है। शाह के अनुसार, इस योजना से अरुणाचल प्रदेश के करीब 40 गांवों में लोगों की वापसी हुई है और वहां आबादी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार इन गांवों में बिजली, स्कूल, रोजगार और दूसरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर काम कर रही है। उनका मानना है कि सीमावर्ती इलाकों का विकास सबसे पहले होना चाहिए, ताकि वहां रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पूर्वोत्तर में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ी
गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब पूर्वोत्तर की कोई भी राज्य राजधानी बेहतर सड़क, रेल या हवाई संपर्क से अछूती नहीं है। शाह ने कहा कि सरकार का ध्यान सिर्फ सड़क और दूसरी इमारतें बनाने तक सीमित नहीं है। शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना भी विकास का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर की प्राकृतिक सुंदरता और संसाधनों का सही इस्तेमाल देश की तरक्की में बड़ी भूमिका निभा सकता है। अमित शाह के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र के लोगों का जीवन बेहतर बनाना और उन्हें विकास के ज्यादा अवसर देना है।
