देश

'अमेरिका में मरने के बाद आधी संपत्ति सरकार ले लेती है', कमाई के बंटवारे विवाद में अब सैम पित्रोदा ने मारी एंट्री

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 24, 2024, 10:22 AM IST

Sam Pitroda : सैम पित्रोदा ने कहा, 'अमेरिका में इनहेरिटेंस नाम का एक कानून है। यदि किसी व्यक्ति के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और उसकी मौत हो जाती है तो उसके मरने के बाद उसकी संपत्ति का 45 प्रतिशत हिस्सा ही उसके बच्चों को मिलता है जबकि 55 फीसदी हिस्सा सरकार ले लेती है।

Image

ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन हैं सैम पित्रोदा।

Sam Pitroda : देश में आर्थिक-सामाजिक सर्वे कराने और संपत्तियों के पुनर्वितरण कराने की कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर छिड़ा सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने इसे नए सिरे से हवा दे दी है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में पित्रोदा ने अमेरिका कानून का हवाला देते हुए इसे एक दिलचस्प सोच बताया है। उन्होंने कहा कि यह एक नीति है जो कि केवल अत्यंत धनी लोगों के लिए ही नहीं बल्कि आम लोगों के लिए फायदेमंद है।

यह कानून मुझे सही लगता है-पित्रोदा

पित्रोदा ने कहा, 'अमेरिका में इनहेरिटेंस नाम का एक कानून है। यदि किसी व्यक्ति के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और उसकी मौत हो जाती है तो उसके मरने के बाद उसकी संपत्ति का 45 प्रतिशत हिस्सा ही उसके बच्चों को मिलता है जबकि 55 फीसदी हिस्सा सरकार ले लेती है। यह एक मजेदार कानून है। यह कानून कहता है कि आपने अपने जीवन में संपत्ति बनाई और अब आप इस दुनिया को छोड़कर जा रहे हैं तो आप आम लोगों के लिए अपनी संपत्ति जरूर छोड़ें। पूरी संपत्ति नहीं बल्कि आधी। यह मुझे सही लगता है।'

'नई नीतियां लाने से ऐसा हो सकता है'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'भारत में अभी इस तरह का कानून नहीं है। अभी भारत में यदि किसी के पास 10 अरब की संपत्ति है और वह मरता है तो उसके बच्चों को पूरा 10 अरब की संपत्ति मिलती है लेकिन आम लोगों को कुछ नहीं मिलता। इसे देखते हुए लोगों को इस मुद्दे पर बातचीत और बहस करनी चाहिए। हालांकि, इस मुद्दे पर अंत क्या होगा मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं है लेकिन जब हम संपत्तियों के पुनर्वितरण की बात कहते हैं तो हम नई नीतियों एवं नए कार्यक्रमों की बात कर रहे होते हैं। ये नीतियां केवल आम लोगों के हित में ही नहीं बल्कि अत्यंत धनी लोगों के हित में भी होती हैं।'

यह पित्रोदा की निजी राय-रमेश

संपत्ति के पुनर्वितरण पर सैम पित्रोदा का बयान कांग्रेस को अच्छा नहीं लगा है। पार्टी ने उनके बयान से दूरी बना ली है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि यह पित्रोदा के निजी विचार हैं। वह मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते हैं। उनके बयान को सनसनीखेज बनाया जा रहा है।

तेलंगाना में राहुल गांधी ने दिया बयान

पिछले दिनों तेलंगाना में राहुल गांधी ने एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव बाद उनकी सरकार सत्ता में आई तो एक सर्वे कराया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है। उन्होंने जातिगत, सामाजिक एवं आर्थिक सर्वे कराने की बात और फिर क्रांतिकारी कदम उठाने की बात कही। इस बयान के बाद राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के निशाने पर आ गए। पीएम मोदी अपनी चुनावी रैलियों में राहुल के इस बयान को लेकर कांग्रेस को लगातार घेर रहे हैं। पीएम का कहना है कि कांग्रेस की नजर लोगों की कमाई और महिलाओं के मंगलसूत्र पर है। सत्ता में आने पर वह लोगों की संपत्तियां छीनकर 'घुसपैठियों' को दे देगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!