Salman Khan house firing case: अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर पिछले महीने हुई गोलीबारी के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 34 वर्षीय हरपाल सिंह के रूप में हुई है। वह हरियाणा के फतेहाबाद का निवासी है। मुंबई अपराध शाखा की एक टीम ने सोमवार शाम को आरोपी को उसके गृहनगर से गिरफ्तार किया।
आज अदालत में पेशी
उन्होंने बताया कि सिंह को मंगलवार तड़के मुंबई लाया गया और उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। शहर में बांद्रा इलाके के गैलेक्सी अपार्टमेंट में स्थित सलमान खान के आवास के बाहर 14 अप्रैल को दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोली चलाई और फिर मौके से फरार हो गए थे। अधिकारी ने बताया कि बिश्नोई गिरोह के एक अन्य सदस्य और आरोपी मोहम्मद रफीक चौधरी ने पूछताछ के दौरान इस मामले में सिंह की संलिप्तता को उजागर किया था।
6 दिनों से पुलिस गांव में डेरा जमाए बैठी थी
आरोपी को उसके घर फतेहाबाद के गांव भिरड़ाना से गिरफ्तार किया गया है। पिछले 6 दिनों से पुलिस उसके गांव में डेरा जमाए बैठी थी, तब जाकर उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई है। आरोपी हैरी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया और उसके लिए चार दिन की ट्रांजिट रिमांड की मांग की। हालांकि, कोर्ट ने पुलिस को दो दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया है। मुम्बई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को मंगलवार सुबह मुंबई लेकर आई है।
पुलिस ने बताया, आरोपी मोहम्मद रफीक चौधरी ने पूछताछ के दौरान हरपाल का नाम उजागर किया। रफीक को भी इस महीने पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। उससे इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ जारी है। सलमान के घर की रेकी के लिए उसे दो-तीन लाख रुपए दिए गए थे।
अब तक मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें दो गुजरात के कच्छ, दो बिहार के बेतिया, एक राजस्थान और अब इस मामले में हरपाल सिंह की ताजा गिरफ्तारी हुई है। हरपाल पर अभिनेता के घर की रेकी का आरोप है। पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहम्मद रफीक ने खुलासा किया है कि उसने बीते दिनों अभिनेता के घर की रेकी करके जानकारी बिश्नोई को भेजी थी। इसके बाद आरोपी सागर गुप्ता और विक्की गुप्ता ने सलमान के घर के बाहर फायरिंग की थी।
अनमोल बिश्नोई का नाम आया सामने
पुलिस ने रफीक चौधरी को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि सिंह ने चौधरी को सलमान खान के आवास के आसपास रेकी करने के लिए कहा था और इस काम के लिए उसे दो से तीन लाख रुपये भी दिए थे। गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती केंद्रीय कारागार में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का नाम गोलीबारी मामले में सामने आया है। माना जा रहा है कि अनमोल अमेरिका या कनाडा में है।
