Putin Security in India: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा से पहले बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। बताया जा रहा है कि पुतिन के करीब पहली लेयर में SPG और NSG के साथ पुतिन के सुरक्षा गार्ड्स रहेंगे। वहीं ड्रोन, जैमर, AI मोनिटरिंग और स्नाइपर भी तैनात किए गए हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे से पहले ही उनके बेहद खास और बड़े ओहदे वाले 50 से ज्यादा रूसी सुरक्षा अधिकारी भारत पहुंच चुके है। पुतिन चार दिसम्बर की शाम भारत पहुंचेंगे लेकिन उसके पहले उनके गुजरने वाले हर एक रुट को अच्छी तरह से सैनेटाइज किया गया है।पूरे रास्ते पर ड्रोन से नजर रखी जा रही, जगह जगह जैमर तैनात है, AI मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके अलावा फेस रिकॉग्निशन कैमरे लगाए गए है, और कंट्रोल रूम से लगातार उन पर नज़र रखी जा रही है।
पुतिन की सुरक्षा के लिए कुल पांच लेयर तैयार
सूत्रों की माने तो पुतिन की सुरक्षा के लिए कुल पांच लेयर तैयार की गई है जैसे ही पुतिन का विमान लैंड करेगा सारे लेयर एक्टिव कर दिए जाएंगे और पुतिन के विमान के टेक ऑफ तक सभी कमांड रूम से जुड़े रहेंगे।
बाहरी लेयर की सुरक्षा तेज तर्रार NSG कमांडों के हाथ में रहेगी
जानकारी के मुताबिक बाहरी लेयर की सुरक्षा तेज़ तर्रार NSG कमांडों के हाथ में रहेगी, इसके अलावा एसपीजी, रॉ, आइबी और दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी तैनात रहेंगे। ड्रोन, जैमर, AI मोनिटरिंग और स्नाइपर तो पहले से ही तैनात रहेंगे।
सुरक्षित और रहस्यमयी कार ओरस सेनात भारत आ ही रही है
पुतिन जिस होटल में ठहरेंगे उस होटल को भी पूरी तरह से सैनेटाइज किया गया है। रूसी सुरक्षा अधिकारी हर उस जगह जा रहे हैं जहां पुतिन का कार्यक्रम तय है। यहां तक कि ये अधिकारी उन संभावित जगहों पर भी जा रहे हैं जहां अचानक से जाने की बात हो सकती है। इन सबके अलावा पुतिन की बेहद सुरक्षित और रहस्यमयी कार ओरस सेनात भारत आ ही रही है।
कई सुरक्षा इकाइयां नजर बनाए रखेंगी
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पुतिन के आगमन से लेकर प्रस्थान तक हर गतिविधि पर संयुक्त रूप से काम कर रहीं कई सुरक्षा इकाइयां नजर बनाए रखेंगी। अधिकारी ने कहा, 'मिनट दर मिनट समन्वय जारी है, और सभी संबंधित एजेंसियों को पूरे समय अधिकतम सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कड़ी निगरानी के लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।'
ड्रोन रोधी प्रणाली भी तैनात की जाएंगी
दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी मार्ग सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और उन क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जहां से रूसी राष्ट्रपति गुजर सकते हैं।एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'वीवीआईपी आवाजाही के लिए सभी मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यात्रियों को असुविधा कम हो, इसके लिए समय-समय पर यातायात परामर्श जारी किया जाएगा। ड्रोन रोधी प्रणाली भी तैनात की जाएंगी।'
पुतिन की निजी सुरक्षा टीम ने एक बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया है
दिल्ली पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और पुतिन की निजी सुरक्षा टीम ने एक बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया है, जिसके तहत स्वैट टीमें, आतंकवाद रोधी इकाइयां, स्नाइपर और त्वरित प्रतिक्रिया दल संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। इसके अलावा, उच्च-गुणवत्ता वाले सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी निगरानी प्रणालियां भी यात्रा से जुड़े सभी क्षेत्रों में सक्रिय कर दी गई हैं।
