देश

Weather Update: उत्तराखंड में गंगा उफान पर, अलर्ट जारी, दिल्ली में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 17, 2023, 09:32 AM IST

आईएमडी ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

Image

Delhi rain and flood

Photo : PTI

Rain Update: मानसून की बारिश में उत्तर भारत के कई प्रदेशों में हालात बिगड़ गए हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भारी बारिश का खतरा बरकरार है। आईएमडी ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश और भूस्खलन के बाद कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। अलकनंदा नदी पर बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण उत्तराखंड के देवप्रयाग में गंगा खतरे के निशान को पार कर गई और हरिद्वार में चेतावनी स्तर को पार कर गई। अधिकारियों ने बताया कि पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में काली नदी का जल स्तर 889 मीटर के चेतावनी स्तर को पार कर गया है, जबकि गंगा सहित कई अन्य नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।

उत्तराखंड में अभी और बारिश

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को के सभी 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश हुई। इससे भूस्खलन हुआ, जिससे बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं। ऑरेंज अलर्ट अत्यधिक खराब मौसम की चेतावनी के रूप में जारी किया जाता है। सड़क और नालियों के बंद होने और बिजली आपूर्ति में रुकावट के साथ आवागमन में बाधा पैदा होने की संभावना है। चमोली जिले के जोशीमठ में नीती घाटी में गिरथी गंगा नदी में मलबा और अतिरिक्त पानी आने के कारण जोशीमठ-मलारी सड़क पर एक पुल का एबटमेंट भी क्षतिग्रस्त हो गया है।

यमुना में बाढ़

रविवार शाम को दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 13.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। वहीं, दिल्ली में बाढ़ की स्थिति में रविवार को सुधार हुआ और भैरों मार्ग सहित कुछ सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।

सोमवार सुबह यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 से ऊपर 205.45 मीटर पर था। सुबह सात बजे जलस्तर मामूली वृद्धि के साथ 205.48 मीटर पर पहुंच गया। सड़कों पर पानी भर जाने और यातायात बाधित होने से राहत कुछ देर की ही रही, क्योंकि शाम की बारिश से जलभराव की समस्या फिर से सामने आ गई। यमुना में जलस्तर रिकॉर्डतोड़ आंकड़े तक पहुंचने के बाद खतरे के निशान के करीब पहुंचने की खबरों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बाढ़ प्रभावित हर परिवार के लिए 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।

यूपी में 10 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश राहत आयोग ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि मथुरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद यग लगातार बढ़ रहा है। मौसम कार्यालय के अनुसार, राज्य में रात 8 बजे समाप्त 24 घंटों में 1.02 सेंटीमीटर की सामान्य बारिश दर्ज की गई। राज्य के 75 जिलों में से 32 में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!