कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल के परिवार के साथ मुलाकात कर सकते हैं। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस, आप के साथ खड़ी दिख रही है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी ने केजरीवाल के परिजनों से फोन पर भी बात की है। जिसके बाद संभावना है कि राहुल गांधी आज केजरीवाल के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात कर सकते हैं।
कानूनी सहायता की कर सकते हैं पेशकश
ANI ने पार्टी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल के परिवार से बात की और उन्हें अपने और कांग्रेस के समर्थन का आश्वासन दिया। सूत्र ने बताया कि राहुल गांधी आगे की कानूनी सहायता देने के लिए शुक्रवार को केजरीवाल या उनके परिवार से मिल सकते हैं।
केजरीवाल के सपोर्ट में राहुल गांधी
केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस आप के साथ खड़ी दिखी है। राहुल गांधी से लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक केजरीवाल के सपोर्ट में बयान दे चुके हैं। राहुल गांधी ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर विरोध जताते हुए मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- "डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।"
केजरीवाल के सामने क्या हैं विकल्प
ईडी ने जिस काननू के तहत अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है, उसमें राहत कम ही देखने को मिली है। केजरीवाल से पहले इसी काननू के तहत मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और के कविता इसी मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। सिसोदिया और संजय सिंह जेल में हैं, जबकि के कविता अभी ईडी की हिरासत में। केजरीवाल राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। जिस पर आज सुनवाई होने की संभावना है।
