देश

राज्याभिषेक पूरा हुआ...पहलवानों पर पुलिस की कार्रवाई पर बिफरे राहुल गांधी, वीडियो शेयर कर BJP पर बोला हल्ला

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 28, 2023, 04:54 PM IST

विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया को दिल्ली पुलिस ने रविवार को सुरक्षा घेरा तोड़कर महिला ‘महापंचायत’ के लिए नए संसद भवन की ओर बढ़ने की कोशिश करने के बाद कानून और व्यवस्था के उल्लंघन के लिए हिरासत में ले लिया।

Image

पहलवानों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कई दिनों से पहलवान कर रहे थे दिल्ली में प्रदर्शन
  • बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहा था प्रदर्शन
  • आज पुलिस की कार्रवाई के बाद खत्म हो सकता है प्रदर्शन

दिल्ली में भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI)) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों पर पुलिस की कार्रवाई के बाद विपक्ष के नेता सीधे पीएम मोदी पर हमला बोलने लगे हैं। बृजभूषण शरण सिंह भाजपा से सांसद हैं और प्रदर्शन रहे कई नामी पहलवानों ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को इन पहलवानों ने महिला पंचायत का आयोजन किया था। पहलवानों ने नए संसद भवन के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया था, जिसके बाद आज निर्धारित समय पर जब वो निकले तो पुलिस से सामना हुआ और फिर बैरिकेड तोड़कर पहलवान जब आगे बढ़ना चाहे तो पुलिस ने कार्रवाई कर दी। इस कार्रवाई के दौरान पहलवानों को चोट भी आई है, उनके सड़क पर गिरे होने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर सीधे हमला बोल दिया है।

क्या कहा राहुल गांधी ने

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस कार्रवाई के वीडियो को ट्वीटर पर शेयर करते हुए नए संसद भवन के उद्घाटन से जोड़ दिया। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- "राज्याभिषेक पूरा हुआ - 'अहंकारी राजा' सड़कों पर कुचल रहा जनता की आवाज़!"

प्रियंका गांधी ने भी बोला हमला

सिर्फ राहुल गांधी ने ही नहीं बल्कि प्रियंका गांधी से लेकर कई विपक्षी नेताओं ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस और सरकार की आलोचना की है। प्रियंका गांधी ने कहा कि खिलाड़ियों की छाती पर लगे मेडल हमारे देश की शान होते हैं। उन मेडलों से, खिलाड़ियों की मेहनत से देश का मान बढ़ता है। भाजपा सरकार का अहंकार इतना बढ़ गया है कि सरकार हमारी महिला खिलाड़ियों की आवाजों को निर्ममता के साथ बूटों तले रौंद रही है। ये एकदम गलत है। पूरा देश सरकार के अहंकार और इस अन्याय को देख रहा है।

खत्म हो जाएगा प्रदर्शन

विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया को दिल्ली पुलिस ने रविवार को सुरक्षा घेरा तोड़कर महिला ‘महापंचायत’ के लिए नए संसद भवन की ओर बढ़ने की कोशिश करने के बाद कानून और व्यवस्था के उल्लंघन के लिए हिरासत में ले लिया। कहा जा रहा है कि इसके बाद जंतर-मंतर पर पहलवानों के विरोध-प्रदर्शन का अंत हो सकता है। पहलवानों को जबरदस्ती बसों में बैठाकर अज्ञात स्थल पर भेज दिया गया। पुलिस ने इसके बाद पहलवानों के अन्य सामान के साथ चारपाई, गद्दे, कूलर, पंखे और तिरपाल की छत को हटा दिया। ऐसा लगता है कि पुलिस अब पहलवानों को दोबारा धरना स्थल पर आने की स्वीकृति नहीं देगी लेकिन इस संदर्भ में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने पहलवानों को चेताया था कि वे संसद की तरफ नहीं जाएं लेकिन वे आगे बढ़े जिसके बाद झड़प हुई।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article