देश

'बाय-बाय, पापा...ये मेरी जिंदगी है', पिता को फोन कर लड़की ने लगा दी चिनाब नदी में छलांग

यह दर्दनाक हादसा डोडा जिले के प्रेम नगर स्थित शिवा दल पुल (Shiva Dal bridge) पर शनिवार दोपहर लगभग 2:00 बजे हुआ। पीड़ित युवती पायल देवी, जो अपने पिता कृष्ण लाल की बेटी है, शनिवार सुबह एक स्थानीय मेले में गई थी।

Image

डोडा में लड़की ने चेनाब नदी में लगाई छलांग (AI Image)

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय युवती पायल देवी ने चिनाब नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से ठीक पहले युवती ने अपने पिता को फोन कर कहा— "नहीं पापा, यह मेरी अपनी जिंदगी है। मेरा दिल कहता है कि मुझे इसी रास्ते पर जाना चाहिए... बाय-बाय पापा।" इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में मातम और हड़कंप का माहौल है। पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें उफनती चिनाब नदी में युवती की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

मेले से लौटने के दौरान हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा डोडा जिले के प्रेम नगर स्थित शिवा दल पुल (Shiva Dal bridge) पर शनिवार दोपहर लगभग 2:00 बजे हुआ। पीड़ित युवती पायल देवी, जो अपने पिता कृष्ण लाल की बेटी है, शनिवार सुबह एक स्थानीय मेले में गई थी। मेले के दौरान उसने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है और वह डॉक्टर से मिलने जा रही है। डॉक्टर के उपलब्ध न होने पर वह वापस घर लौटने लगी। इस दौरान वह अपने ही गांव के एक परिचित व्यक्ति की बाइक पर सवार हो गई। रास्ते में बाइक सवार व्यक्ति ने दुपट्टा पहिए/बाइक में फंसने के कारण गाड़ी रोकी। उसी दौरान पायल अचानक उतरकर पुल के किनारे और नदी की ओर भागने लगी।

पिता के साथ फोन पर हुई आखिरी बातचीत

बाइक चालक ने स्थिति बिगड़ती देख तुरंत पायल के पिता कृष्ण लाल को फोन किया और बताया कि उनकी बेटी नदी की तरफ भाग रही है। पिता ने जैसे ही अपनी बेटी से फोन पर बात की, उन्होंने घबराकर पूछा कि आखिर बात क्या है और क्या किसी ने उसके साथ कुछ गलत किया है। पिता की बातें सुनकर पायल ने कहा, "कोई भी मेरे पास न आए।" पिता द्वारा बार-बार कारण पूछने पर उसने जवाब दिया- "नहीं पापा, यह मेरी अपनी जिंदगी है। मेरा मन कहता है कि मुझे इसी रास्ते पर जाना चाहिए... बाय-बाय, पापा।" इतना कहते ही फोन कट गया और पायल ने शिवा दल पुल से चिनाब के तेज बहाव में छलांग लगा दी।

पुल पर मौजूद लोगों ने रोकने की कोशिश की

घटना के वक्त पुल से गुजर रहे राहगीरों और बाइक सवार ने पायल को समझाने और रोकने का काफी प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने उससे मिन्नतें कीं कि वह ऐसा कदम न उठाए, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। पुल पर मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी अपने कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग उसे पुकारते और रोकते हुए सुनाई दे रहे हैं, जबकि वह नदी के किनारे खड़े होकर आखिरी विदा लेते नजर आती है।

बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन और जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। चिनाब नदी के बेहद तेज बहाव और संकरे रास्ते के कारण तलाशी अभियान में रेस्क्यू टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खबर लिखे जाने तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पायल ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले और उन परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है जिनके चलते उसने यह कदम उठाया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article