Raebareli Road Accident: रायबरेली के ऊंचाहार कस्बे में घर जा रहे प्रधान पति की बाइक में कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक दूर गिरकर घायल हो गया, जिसे आसपास के लोगों ने उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचाहार पहुंचाया। वहीं घटना में बाइक कार में फंस कर कई किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। सूचना पर पुलिस ने चंड़रई स्थित टोल प्लाजा पर कार को चालक समेत पकड़कर कोतवाली ले आई।
जानकारी के मुताबिक, खोजनपुर गांव निवासी प्रधान पति सुधीर कुमार गुप्ता रविवार को मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर वापस आ रहे थे।ओवर ब्रिज के पास अनियंत्रित कार ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से मोटरसाइकिल चालक दूर जा गिरा, वहीं मोटरसाइकिल कार में फंस कर कई किलोमीटर तक घिसटती चली गयी। इस पूरी घटना को पीछे चल रही कार चालक ने रिकॉर्ड कर लिया, और घटना के विषय में पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने आगे टोल प्लाजा पर कार चालक को पकड़कर थाने ले आई। ऊंचाहार पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
