शहर

महिला ने बच्चे पर उड़ाए 500-500 के नोट, रील्स में दिखाया 944 ग्राम सोना... फिर चोरों ने घर में घुसकर किया हाथ साफ

Tamil Nadu Vlogger Theft : तमिलनाडु के नागरकोइल में सोशल मीडिया पर अपने धन-दौलत का दिखावा करना एक महिला यूट्यूबर को भारी पड़ गया। यूट्यूब और रील्स पर हर महीने सोना खरीदने और बच्चे पर 500-500 के नोटों की बारिश करने का वीडियो पोस्ट करने के बाद चोरों ने उसके घर पर धावा बोल दिया।

Image

ऑनलाइन दिखावा बना बर्बादी का सबब (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Tamil Nadu Vlogger Theft : सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स हासिल करने के लिए अपनी संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक ताजा और हैरान कर देने वाला मामला तमिलनाडु के नागरकोइल से सामने आया है। यहां एक महिला यूट्यूबर को सोशल मीडिया पर अपने सोने-चांदी और नकदी की नुमाइश करना इतना भारी पड़ा कि चोरों ने उसके घर में सेंध लगाकर करीब 118 सोवरेन (लगभग 944 ग्राम) सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़िता की पहचान मधुमिता के रूप में हुई है, जो नागरकोइल की रहने वाली है और एक लोकप्रिय यूट्यूब चैनल चलाती है। वह अपने चैनल पर अक्सर लाइफस्टाइल से जुड़ी रील्स और वीडियो अपलोड करती रहती थी। हाल ही में उसने कुछ ऐसे वीडियो पोस्ट किए थे जिनमें वह अपने परिवार की अमीरी का बढ़-चढ़कर प्रदर्शन कर रही थी। एक वायरल वीडियो में वह अपने छोटे बच्चे के ऊपर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल लुटाती दिखी थी, जबकि एक अन्य वीडियो में उसने खुलेआम दावा किया था कि वह हर महीने भारी मात्रा में सोने के आभूषण खरीदती है।

पुलिस ने जताई ये आशंका

पुलिस को आशंका है कि शातिर चोरों ने उसकी इस सोशल मीडिया एक्टिविटी पर बारीक नजर रखी और मौका मिलते ही चोरी की पूरी योजना बना डाली। घटना के समय मधुमिता अपने परिवार के साथ तिरुनेलवेली की एक छोटी यात्रा पर गई हुई थी। जब परिवार वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अलमारी में रखे 118 सोवरेन सोने के कीमती जेवरात गायब थे।

इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और फॉरेंसिक टीमों ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि किन-किन संदिग्धों ने उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल को ट्रैक किया था। इस वारदात के बाद मधुमिता के पुराने वीडियो एक बार फिर इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो लोगों को सोशल मीडिया पर अत्यधिक निजी जानकारी साझा न करने की चेतावनी दे रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article