शहर

गुरुग्राम में नाइटलाइफ पर खाकी की नजर, पब, बार और रेस्टोरेंट पर सख्ती, टाइम लिमिट तोड़ी तो...

हरियाणा के गुरुग्राम में पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को आबकारी विभाग की ओर से तय समय सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

गुरुग्राम : गुरुग्राम में नाइटलाइफ पर अब पुलिस नजर रखेगी। पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को आबकारी विभाग की ओर से तय समय सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने साफ किया है कि निर्धारित समय के बाद कोई भी प्रतिष्ठान खुला मिला तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर सिबाश कबीराज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और लिखित निर्देश के जरिए सभी डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को इस संबंध में आदेश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में पब, बार और रेस्टोरेंट के संचालन समय की जांच सुनिश्चित करें।

प्रवेश द्वार पर प्रदर्शित करना होगा समय

सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को अपने प्रवेश द्वार पर अधिकृत संचालन और बंद होने का समय प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद उन्हें संचालन पूरी तरह बंद करना होगा। पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी, एसीपी और एसएचओ को अपने-अपने क्षेत्रों में अचानक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह जांचा जा सके कि प्रतिष्ठान आबकारी विभाग द्वारा निर्धारित समय का पालन कर रहे हैं या नहीं।

निर्देशों के अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित डीसीपी और एसीपी की होगी। पुलिस कमिश्नर ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इन निर्देशों को लागू करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि आदेश केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि जमीन पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों के पालन में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ नियमों के तहत कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कबीराज ने कहा कि आबकारी विभाग की ओर से पब, बार और रेस्टोरेंट के लिए निर्धारित अधिकृत संचालन समय का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रतिष्ठान को तय समय के बाद संचालित नहीं होने दिया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article