देश

CWC की बैठक छोड़ परीक्षा देने पहुंचे पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी, बोले- पार्टी मीटिंग तो होती रहेगी, ये मौका साल में एक बार आता है

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दिल्ली में आयोजित CWC की बैठक छोड़कर पंजाब यूनिवर्सिटी में एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन का अंतिम पेपर देने पहुंचे। जानिए उन्होंने पढ़ाई और राहुल गांधी की मदद को लेकर क्या कहा।

Image

Ex CM चन्नी ने दिया MA का पेपर

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए। जहां दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी, वहीं पूर्व CM चन्नी चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के परीक्षा केंद्र में एक आम छात्र की तरह बैठकर पर्चा हल करते दिखे। उन्होंने MA 'पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन' का 20वां और अंतिम पेपर दिया।

'रात 2 बजे तक पढ़ा, सुबह 5 बजे फिर उठा'

पंजाब यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए चन्नी ने अपनी तैयारी के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मैं इस परीक्षा की तैयारी काफी समय से कर रहा था। जब भी मुझे राजनीति से फुर्सत मिलती, मैं पढ़ने बैठ जाता था। इस पेपर के लिए मैं रात 2 बजे तक पढ़ाई करता रहा और फिर सुबह 5 बजे उठकर दोबारा रिवीजन किया। दिल्ली जाते वक्त भी गाड़ी में मेरी पढ़ाई जारी रहती है। अपनी पढ़ाई के पुराने दिनों को याद करते हुए चन्नी ने खुलासा किया कि एक बार जब वह दिल्ली में थे और उनका पेपर चंडीगढ़ में था, तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परीक्षा न छूटे इसलिए उन्हें अपना निजी विमान देकर चंडीगढ़ भेजा था।

CWC की बैठक में न जाने पर क्या बोले?

दिल्ली में आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की हाई-लेवल बैठक में शामिल न होने के सवाल पर उन्होंने स्थिति साफ की। चन्नी ने बताया कि उन्होंने इसके लिए अपनी पार्टी हाईकमान से पहले ही लिखित में मंजूरी ले ली थी। उन्होंने कहा, "CWC की बैठक तो हर महीने होती रहती है, लेकिन विश्वविद्यालय की परीक्षा साल में केवल एक बार ही आती है। अगर मेरा यह पेपर छूट जाता तो मेरा पूरा एक साल बर्बाद हो जाता। CWC में 80 सदस्य हैं, मेरे एक दिन न रहने से फर्क नहीं पड़ता, लेकिन शिक्षा मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।"

    अब पब्लिक पॉलिसी में करेंगे दूसरी PhD

    राजनीति विज्ञान में पहले ही PhD की उपाधि हासिल कर चुके चरणजीत सिंह चन्नी ने आगे के शैक्षणिक प्लान भी साझा किए। उन्होंने बताया कि अगले महीने वह पंजाब यूनिवर्सिटी से 'पब्लिक पॉलिसी रिफॉर्म्स' विषय पर अपनी दूसरी PhD के लिए प्रवेश परीक्षा देंगे।

    चन्नी ने कहा कि, "पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और पब्लिक पॉलिसी के जरिए जो कुछ भी मैंने सैद्धांतिक रूप से सीखा है, अगर राज्य में दोबारा हमारी सरकार बनती है तो हम उसे धरातल पर लागू करेंगे। पंजाब इस समय विकास की दौड़ में पिछड़ गया है और बेहतर प्रशासनिक नीतियों के जरिए ही इसे दोबारा तरक्की के रास्ते पर लाया जा सकता है।"

    आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का दावा

    अपने बयान के अंत में पूर्व मुख्यमंत्री ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह वह पूरी तैयारी के साथ शैक्षणिक परीक्षा देते हैं, उसी तरह जनता की अदालत में होने वाली चुनावी परीक्षा में भी कांग्रेस भारी जीत दर्ज करेगी। चन्नी के इस बयान को आगामी चुनाव की तैयारियों के शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है।

    Manoj Kumar
    मनोज कुमार author

    मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

    और पढ़ें
    End of Article