देश

राहुल गांधी को मिला बहन का साथ, पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई प्रियंका गांधी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 24, 2022, 08:32 PM IST

बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश पहुंची है। मध्यप्रदेश में एंट्री से पहले यह यात्रा महाराष्ट्र में चल रही थी। यहां यह यात्रा 12 दिन में 380 किमी की दूरी तय करेगी। जिसके बाद यह राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।

अभी तक भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) से दूर रहने वाली कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) भी इसमें शामिल हो गई है। भाई राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के इस मार्च में शामिल होने के लिए बुधवार को ही प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ मध्यप्रदेश पहुंच गई थी।

गुरुवार सुबह जब भारत जोड़ो यात्रा आरंभ हुई तो प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा इसमें शामिल हुए। इस यात्रा में प्रियंका गांधी के साथ-साथ सचिन पायलट भी शामिल हुए। कांग्रेस ने प्रियंका और राहुल गांधी को लेकर एक फोटो भी ट्वीट भी किया है, इस फोटो में दोनों भाई-बहन साथ दिख रहे हैं। कांग्रेस ने लिखा है- "मजबूत होंगे कदम, जब मिलकर चलेंगे हम। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के कंधे से कंधा मिलना पहुंची प्रियंका गांधी।"

बुधवार को राहुल गांधी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने भाजपा पर 2018 के राज्य चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए विधायकों को रिश्वत देने का आरोप लगाया। उन्होंने बुरहानपुर में कहा- "हम मध्य प्रदेश में चुनाव जीत गए, लेकिन उन्होंने 20-25 भ्रष्ट विधायकों को करोड़ों रुपये दिए और उन्हें खरीद लिया।"

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सभी लोकतांत्रिक रास्ते बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के तीन लक्ष्य हैं- "सबसे पहले, यह नफरत, हिंसा और भय के खिलाफ है, जो भारत में फैलाया जा रहा है। दूसरा, यह बेरोजगारी के खिलाफ है और तीसरा, यह महंगाई के खिलाफ है।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!