देश

Flood News:'बाढ़ से प्रभावित लोगों की करें मदद...'प्रियंका गांधी की कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील, AAP भी आई आगे

असम, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के उत्पन्न स्थितियों के बीच प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद करने की अपील की है।

Image

बारिश और बाढ़ के उत्पन्न स्थितियों के बीच प्रियंका गांधी की अपील

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वह प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं।

कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'असम, अरुणाचल समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश से हुई मौतों का समाचार अत्यंत दुखद है। लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। ईश्वर सभी की रक्षा करें। केंद्र और राज्य सरकारों से अपील है कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को कम से कम तकलीफ उठानी पड़े। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से भी आग्रह करती हूं कि प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें।'

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'देश के नॉर्थ-ईस्ट हिस्से में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से हुई मौतें बेहद दुखद हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। असम में मौजूद आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में प्रशासन की पूरी मदद करें।'

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम (हिमंत बिस्वा सरमा), अरुणाचल प्रदेश (पेमा खांडू) और सिक्किम (प्रेम सिंह तमांग) के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल (अजय कुमार भल्ला) से टेलीफोन पर बातचीत की और बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। गृह मंत्री ने बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की मदद का भी आश्वासन दिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में गृह मंत्री ने बताया, 'असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में जारी भारी बारिश के मद्देनजर बात की। साथ ही उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है।'

विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकारियों के अनुसार, 29 मई से जारी बारिश और बाढ़ के दौरान एक जून तक 34 मौतों में असम में कम से कम 10 लोग मारे गए, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में नौ, मेघालय और मिजोरम में छह-छह, त्रिपुरा में दो और नागालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article