Howrah TMC Office Fire: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से एक बड़ी और तनावपूर्ण खबर सामने आई है। यहां बुधवार शाम को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय पार्टी दफ्तर में कथित तौर पर आग लगा दी गई। यह घटना हावड़ा में नेशनल हाईवे-6 (NH-6) पर निबरा मोड़ के पास की है। इस आगजनी (Bengal fire) की घटना के बाद इलाके में भारी राजनीतिक तनाव फैल गया है और तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर बीजेपी समर्थित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
पूरी तरह जलकर खाक हुआ दफ्तर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार की शाम अचानक निबरा मोड़ के पास स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से आग की लपटें और धुआं उठते देखा गया। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, उसने पूरे दफ्तर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
इसके साथ ही डोमजूर पुलिस स्टेशन की पुलिस और दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन तब तक पार्टी दफ्तर और अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'विधायक बनवाने की चाबी हमारे पास...', जमानत के बाद फिर सुर्खियों में रामपाल, आशीर्वाद लेने पहुंच रहे MLA और सांसद
पुराना है विवाद
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही राज्य में राजनीतिक हिंसा और तनाव का माहौल देखा गया था। चुनाव के तुरंत बाद राज्य भर में तृणमूल कांग्रेस के कई दफ्तरों पर तोड़फोड़ और कब्जे की खबरें आई थीं। हालांकि, बाद में बीजेपी आलाकमान के कड़े निर्देशों के बाद पार्टी दफ्तरों में तोड़फोड़ और उन पर कब्जा करने का यह सिलसिला थम गया था।
लेकिन बुधवार शाम हावड़ा में हुई इस ताजा घटना ने एक बार फिर से राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
