देश

'विधायक बनवाने की चाबी हमारे पास...', जमानत के बाद फिर सुर्खियों में रामपाल, आशीर्वाद लेने पहुंच रहे MLA और सांसद

Sant Rampal: जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद संत रामपाल एक बार फिर चर्चा में हैं। सोनीपत के धनाना स्थित सतलोक आश्रम में उनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

Image

हरियाणा की राजनीति में फिर चर्चा में संत रामपाल

Photo : Times Now Digital

Sant Rampal: हरियाणा में राम रहीम के बाद अब एक और बाबा रामपाल इन दोनों सुर्खियों में है। सोनीपत जिले के धनाना स्थित सतलोक आश्रम (Satlok Ashram) में उनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि आश्रम में सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेता, विधायक और सांसद भी लगातार पहुंच रहे हैं। इससे प्रदेश की राजनीति में भी इस विषय को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए संत रामपाल इन दिनों धनाना आश्रम में रह रहे हैं।

उनके आश्रम में हर दिन बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखी जा रही है। कई नेताओं ने सार्वजनिक रूप से उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया है और उनका आशीर्वाद लिया है। भाजपा विधायक पवन खरखोदा ने तो यहां तक कहा कि उनकी चुनावी सफलता में संत रामपाल के आशीर्वाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं नलवा से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार भी आश्रम पहुंचे और संत रामपाल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत भी हुई।

कांग्रेस और जेजेपी के नेता भी पहुंचे आश्रम

सिर्फ भाजपा ही नहीं, कांग्रेस और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता भी आश्रम में पहुंच चुके हैं। कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स और सांसद जयप्रकाश पहले ही संत रामपाल से मुलाकात कर चुके हैं। पंजाब से भी कई प्रमुख लोग उनसे मिलने पहुंचे हैं। इनमें पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता रहे नवजोत सिंह सिद्दू (Navjot Singh Sidhu) की पत्नी डॉ. नवजोत कौर का नाम भी शामिल है। जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला भी अपने समर्थकों के साथ आश्रम पहुंचे।

रामपाल 2014 से जेल में थे बंद

उन्होंने बताया कि उनके परिवार के अन्य सदस्य भी पहले आश्रम आ चुके हैं और वे लंबे समय से यहां आते रहे हैं। गौरतलब है कि संत रामपाल नवंबर 2014 से जेल में बंद थे। उन पर हिंसा, आपराधिक साजिश, लोगों को बंधक बनाने और पुलिस के साथ टकराव जैसे कई गंभीर आरोप लगे थे। हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे जेल से बाहर आए हैं। इसके बाद से उनके आश्रम में नेताओं और समर्थकों की बढ़ती मौजूदगी ने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article