देश

जल्द ही भारत गगनयान की उड़ान भी भरेगा- National Space Day पर बोले पीएम मोदी

National Space Day: राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम चंद्रमा और मंगल तक पहुंच गए हैं और हमें अंतरिक्ष में गहराई से अन्वेषण करना है

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो- @BJP)

National Space Day: नेशनल स्पेस डे पर वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष में भारत की यात्रा हमारे दृढ़ संकल्प, नवाचार और सीमाओं को आगे बढ़ाने वाले हमारे वैज्ञानिकों की प्रतिभा को दर्शाती है। पीएम मोदी ने कहा कि अनंत अंतरिक्ष हमें हमेशा यह एहसास दिलाता है कि वहां कोई ठहराव नहीं है, कोई अंतिम पड़ाव नहीं है। मेरा मानना है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में नीतिगत स्तर पर कोई अंतिम पड़ाव नहीं होना चाहिए, इसीलिए मैंने लाल किले से कहा था कि हमारा मार्ग है रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म..."

पीएम मोदी का संबोधन

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर एक वीडियो संबोधन में मोदी ने घोषणा की कि भारत भविष्य के मिशनों के लिए अंतरिक्ष यात्रियों का एक समूह बनाने की तैयारी कर रहा है और उन्होंने युवाओं से इस समूह का हिस्सा बनने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘ हम चंद्रमा और मंगल तक पहुंच गए हैं। अब हमें गहरे अंतरिक्ष का अवलोकन करना है जहां ऐसे अनेक रहस्य छिपे हैं जो मानवता के भविष्य के लिए लाभकारी हैं।’’

'हमारा क्षितिज आकाशगंगाओं से परे'

प्रधानमंत्री ने देश भर के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों, छात्रों और नीति निर्माताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ हमारा क्षितिज आकाशगंगाओं से परे है। अनंत ब्रह्मांड हमें बताता है कि कोई भी सीमा अंतिम सीमा नहीं है और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी, नीतिगत स्तर पर कोई अंतिम सीमा नहीं होनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि भारत विद्युत प्रणोदन और अर्ध-क्रायोजेनिक इंजन जैसी महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ आप वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत की बदौलत, भारत जल्द ही गगनयान मिशन लॉन्च करेगा और अपना अंतरिक्ष स्टेशन भी बनाएगा।’’

'हर साल 50 रॉकेट प्रक्षेपित कर सकें'

प्रधानमंत्री ने निजी क्षेत्र से यह प्रश्न किया कि क्या अगले पांच वर्षों में पांच स्टार्टअप यूनिकॉर्न बन सकते हैं। उन्होंने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से कहा, ‘‘मैं चाहूंगा कि निजी क्षेत्र आगे आएं... क्या हम उस मुकाम तक पहुंच सकते हैं जहां हम हर साल 50 रॉकेट प्रक्षेपित कर सकें?’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article