राम मंदिर के शिखर पर पीएम मोदी ने सनातनी ध्वजारोहण किया। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत
Ram Mandir flag hoisting: मंगलवार को शुभ घड़ी में अयोध्या स्थित राम मंदिर के शिखर पर सनातनी सूर्य पताका लहरा उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर के शिखर पर लहराने वाले इस भगवा ध्वज का ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण करने से पहले पीएम मोदी ने गर्भगृह में भगवान राम के बालस्वरूप राम लला के दर्शन किए और विशेष पूजा अर्चना की। अयोध्या पहुंचने पर पीएम मोदी ने रोड शो किया। इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ खड़े लोगों ने उनका अभिवादन किया। राम मंदिर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले सप्तर्षि मंदिर पहुंचे और वहां सभी देवी-देविताओं के दर्शन किए। फिर मंदिर प्रांगण में पहले से हजारों की संख्या में मौजूद लोगों का उन्होंने अभिवादन किया इस मौके पर पीएम के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। मंदिर वैदिक मंत्रोच्चार भी होता रहा।
ध्वज के बारे में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि यह ध्वज भगवा रंग का होगा। यह 10 फुट चौड़ा और 20 फुट लंबा और तिकोना है। उन्होंने कहा कि इस पर 'सूर्य', 'ओम' और कोविदार वृक्ष के चिह्न बने हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह रंग आग और उगते सूर्य को दिखाता है - जो त्याग और समर्पण का प्रतीक है। पूरी दुनिया को इसे अपने टेलीविजन और मोबाइल स्क्रीन पर देखने का मौका मिलेगा।' राय ने कहा कि ध्वजा फहराने की रस्म पूर्वाह्न 11.50 बजे के बाद प्रधानमंत्री मोदी, आरएसएस प्रमुख भागवत तथा स्वामी गोविंद देव गिरि की मौजूदगी में संपन्न होगी।
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी नए बने सप्तमंदिर पहुंचे, जहां महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी के मंदिर हैं। इससे पहले हवाई अड्डे पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।
मंदिर परिसर जाते समय प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं समेत लोग रास्ते में दोनों ओर खड़े थे और उन पर फूल बरसा रहे थे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, जब प्रधानमंत्री का काफ़िला धीमी गति से उनके पास से गुज़रा, तो सड़क किनारे कई लोग हाथ में राष्ट्रीय झंडा तो कुछ लोग कमल के निशान वाला भाजपा का झंडा लेकर खड़े थे। रास्ते में लगे लाउडस्पीकर पर ‘राम धुन’ बजाई जा रही थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह न केवल मंदिर निर्माण के पूरा होने का प्रतीक है, बल्कि 'राम राज्य' के शाश्वत मूल्यों और आस्था की चिरस्थायी विजय का भी प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक मोहन भागवत की मौजूदगी में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम के कुछ पहले आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में यह बात कही। उन्होंने कहा, 'आस्था, सभ्यता और मानवता के इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।