देश

बिल गेट्स के सवाल, पीएम मोदी के जवाब... AI से लेकर डिजिटल पेमेंट तक दिलचस्प अंदाज में हुई हर बात

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 29, 2024, 10:43 AM IST

PM Modi-Bill Gates talk: इस चर्चा में AI से लेकर डिजिटल पेमेंट और ग्रीन एनर्जी पर बात हुई। सबसे खास ये रहा कि इस दिलचस्प बातचीत में बिल गेट्स ने सवाल पूछे और पीएम मोदी ने उनके जवाब दिए।

Image

पीएम मोदी - बिल गेट्स की बातचीत

PM Modi-Bill Gates talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिजनेस टाइकून व परोपकारी बिल गेट्स के बीच खास बातचीत में कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। इस बातचीत को आज लाइव-स्ट्रीम किया गया। इस दिलचस्प बातचीत का टीजर अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। इस बातचीत में बिल गेट्स, पीएम मोदी से कह रहे हैं कि आज भारतीय न केवल प्रौद्योगिकी को अनुकूलित कर रहे हैं, बल्कि इसका नेतृत्व भी कर रहे हैं। गेट्स ने कहा कि भारत जिन विषयों को सामने लाता है उनमें से एक यह है कि प्रौद्योगिकी सभी के लिए होनी चाहिए। इस चर्चा में AI से लेकर डिजिटल पेमेंट और ग्रीन एनर्जी पर बात हुई। सबसे खास ये रहा कि इस दिलचस्प बातचीत में बिल गेट्स ने सवाल पूछे और पीएम मोदी ने उनके जवाब दिए।

पीएम ने क्या-क्या कहा

इस बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरी नई सरकार सर्विकल कैंसर को लेकर स्थानीय स्तर पर अनुसंधान के लिए वैज्ञानिकों को निधि आवंटित करेगी, सभी लड़कियों का टीकाकरण कराना चाहते हैं। पीएम ने कहा कि प्रौद्योगिकी कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा में बड़ी भूमिका निभा सकती है। साथ ही कहा कि मैंने फैसला किया है कि मैं भारत में डिजिटल विभाजन नहीं होने दूंगा, डिजिटल बुनियादी ढांचे को गांवों तक लेकर जाएंगे।

मिलेट्स फूड के बताए फायदे

इस खास बातचीत में पीएम मोदी ने मिलेट्स फूड के बारे में भी अहम जानकारी दी। उन्होंने इसके फायदे बताए और कहा कि इसे कितनी आसानी से उगा सकते हैं। पीएम ने जानकारी दी कि वह यूएन के साथ मिलकर इस पर काम भी कर रहे हैं। पीएम ने कहा, अब मिलेट प्रोडक्ट फैशन में आ गया है, होटलों में अब इसका अलग मेन्यू दिया जा रहा है। इससे हमारे छोटे किसानों को भी बहुत फायदा हो रहा है।

पीएम बोले- AI सिस्टम के लिए ट्रेनिंग जरूरी

पीएम मोदी ने कहा कि मैं प्रौद्योगिकी के प्रति आकर्षित रहता हूं, मैं कोई विशेषज्ञ नहीं हूं लेकिन इसके प्रति बच्चों जैसी जिज्ञासा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर पीएम मोदी ने गेट्स को बताया कि AI वैश्विक स्तर पर काफी चुनौतियां पेश करता है। उन्होंने AI सिस्टम के लिए व्यापक प्रशिक्षण के महत्व पर भी जोर दिया और AI-जनित सामग्री में वॉटरमार्क जोड़ने का विचार रखा। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अपनी सरकार की पहलों पर भी प्रकाश डाला, जैसे नमो ड्रोन दीदी कार्यक्रम, जो महिलाओं को ड्रोन पायलटिंग कौशल से लैस करता है, जिससे आर्थिक स्वतंत्रता और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलता है।

डिजिटल उपयोग और नमो ड्रोन दीदी के बारे में बताया

पीएम मोदी ने कहा, जब मैं दुनिया में डिजिटल विभाजन के बारे में सुनता था, तो मैं सोचता था कि मैं अपने देश में ऐसा कुछ भी नहीं होने दूंगा। डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा अपने आप में एक बड़ी आवश्यकता है... भारत में महिलाएं नई तकनीक अपनाने के लिए अधिक खुली हैं। मैंने 'नमो ड्रोन दीदी' योजना शुरू की है। यह बहुत सफलतापूर्वक चल रहा है।

बिल गेट्स हुए आश्चर्यचकित

फरवरी 2024 में भारत की अपनी पिछली यात्रा पर गेट्स ने कहा कि उन्होंने कई स्थानीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, महिला नेतृत्व वाले विकास और नवाचार जैसे मुद्दों पर देश के मजबूत फोकस से आश्चर्यचकित रह गए। अरबपति कारोबारी ने कहा कि वह आशावादी हैं कि भारत जनता की भलाई के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग का नेतृत्व करेगा।
अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!