Delhi AI Summit Protest: देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में आयोजित एआई समिट के विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार 10 यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की जमानत पर पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। कोर्ट ने इस मामले में 9 आरोपियों को जमानत मंजूर कर दी, जबकि सिद्धार्थ अवधूत की जमानत याचिका खारिज कर दी गई। उन्हें अतिरिक्त चार दिन के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया है।
कांग्रेस नेता उदय भानु चिब को मिली थी जमानत
इससे पहले, एआई समिट के विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कांग्रेस नेता उदय भानु चिब को कोर्ट ने जमानत दे दी थी। दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। चिब की जमानत मिलने के बाद कांग्रेस पार्टी को भी बड़ी राहत महसूस हुई। इस मामले में पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कई नेताओं को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया था।
कौन हैं उदय भानु चिब?
उदय भानु चिब जम्मू के पलौड़ा के मूल निवासी हैं और कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई से शुरू की थी। इसके बाद वे एनएसयूआई के जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। चिब को बाद में एनएसयूआई का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश युवा कांग्रेस का नेतृत्व भी किया। पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और योगदान को देखते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें अब यूथ कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
क्या था एआई इम्पैक्ट समिट का मामला?
दिल्ली पुलिस ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ सदस्यों द्वारा कमी उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन के मामले में संगठन के अध्यक्ष उदय भानु चिब को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए गिरफ्तार किया था। पुलिस के गिरफ्तारी नोट में चिब को भारत मंडपम में अवैध रूप से भीड़ जमा करने का मास्टरमाइंड और मुख्य योजनाकार बताया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने ‘राष्ट्रविरोधी नारे’ लगाए और ‘दंगाई परिस्थितियां’ पैदा करने का प्रयास किया।
