PM Jawaharlal Nehru Birth Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।”
उनका दृष्टिकोण पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा: कांग्रेस
उनकी जयंती पर कांग्रेस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नेहरू के आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और समावेशी भारत के विजन को याद किया। कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा, "भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर याद कर रहे हैं। आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और समावेशी भारत को लेकर उनका दृष्टिकोण पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और प्रगति में उनके स्थायी योगदान को हम दिल से नमन करते हैं।"
आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी हमारी प्रेरणा: राहुल गांधी
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए भावनात्मक पोस्ट लिखा। उन्होंने एक्स पर लिखा, हिंद के जवाहर, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर सादर नमन। आजादी उनकी मंजिल नहीं, देश के नए सफ़र का मुकाम थी। स्वराज सत्ता नहीं, हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की ज़िम्मेदारी थी। भारत उनके लिए एक खोज, एक विचार था। विविधता जिसकी शक्ति, लोकतंत्र जिसका विश्वास और समानता जिसका आधार हो। एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी हमारी प्रेरणा है। और उस सपने के भारत की ओर हमारा प्रयास ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
नेहरू जयंती पर प्रियंका गांधी ने किया याद
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नेहरू को क्रांतिकारी, दूरदर्शी और राष्ट्र निर्माता बताया।
प्रियंका गांधी ने लिखा, "जवाहरलाल नेहरू एक असाधारण व्यक्तित्व थे। वह क्रांतिकारी, दूरदर्शी और राष्ट्र निर्माता थे।" उन्होंने आगे कहा कि नेहरू के निधन के 60 साल से ज्यादा समय बाद भी संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर निशाना साधते हैं। प्रियंका के मुताबिक, यह भारत के प्रति नेहरू की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
प्रियंका गांधी ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, "हमारे देश के लिए उनका प्रेम हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहे।"
देशभर में मनाया जा रहा बाल दिवस
14 नवंबर 1889 को प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में जन्मे जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री थे। उन्होंने 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री पद संभाला और 27 मई 1964 को निधन तक इस पद पर रहे।
जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से खास लगाव था। इसी वजह से उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहा जाता था। उनकी जयंती को देशभर में बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और कई गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
