इंसान आखिर इंसान है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नहीं, जिससे कभी कोई गलती न हो। एआई चिप्स की दुनिया में करीब 95 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग की कहानी भी कुछ ऐसी ही है।
जेनसन हुआंग एक ऐसी महिला के करीब आ गए, जिसपर जासूसी के आरोप लगे। एलिस हुआंग नाम की इस महिला पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के हवाले से चीन के लिए जासूसी करने के आरोप लगाए गए। दावा किया गया कि उसका निशाना सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अमेरिका की संवेदनशील तकनीक और खुफिया जानकारियां भी थीं। तो क्या जेनसन हुआंग 'हनीट्रैप' के शिकार हुए? फिलहाल तो इस पर जांच चल रही है।
जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग की तस्वीर। AP
हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब किसी ताकतवर व्यक्ति के करीबी रिश्तों को जासूसी के शक के नजरिए से देखा गया हो। इतिहास में ऐसी कई महिलाएं हुई हैं, जिन्होंने अपनी खूबसूरती, दिमाग, पहचान और रिश्तों का इस्तेमाल करके खुफिया अभियानों में अहम भूमिका निभाई।
कुछ ने युद्ध के दौरान दुश्मन की रणनीतियों की जानकारी जुटाई, कुछ ने बड़े नेताओं और सैन्य अधिकारियों तक पहुंच बनाई, तो कुछ खुद इतिहास की सबसे रहस्यमयी जासूसी कहानियों का हिस्सा बन गईं। आइए, दुनिया की कुछ चर्चित महिला जासूसों की कहानी जानते हैं, जिनकी चर्चा आज भी होती है।
माता हारी
जब भी दुनिया की मशहूर महिला जासूसों की बात होती है, तो सबसे पहले माता हारी का नाम सामने आता है। 1876 में नीदरलैंड में जन्मी माता हारी का असली नाम मार्गरेथा गीर्ट्रूइडा जेले था। उन्होंने एक डांसर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। उनका अंदाज इतना अलग था कि देखते ही देखते वह पेरिस के उच्च समाज में मशहूर हो गईं। उनके चाहने वालों में बड़े कारोबारी, सैन्य अधिकारी और प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियां शामिल थीं। यानी माता हारी की पहुंच ऐसे लोगों तक थी, जिनसे महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की जा सकती थीं।मार्गरेथा जेला उर्फ माता हारी की फोटो।
माता हारी का असली नाम मार्गरेथा गीर्ट्रूइडा जेले था। उनका जन्म 1876 में नीदरलैंड में हुआ था। कम उम्र में उनकी शादी एक डच सैन्य अधिकारी से हुई और वह उसके साथ इंडोनेशिया चली गईं। वैवाहिक जीवन में तनाव और पारिवारिक मुश्किलों के बाद उन्होंने पति से अलग होने का फैसला किया और फ्रांस पहुंच गईं।
यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। उन्होंने अपना नाम बदलकर माता हारी रख लिया। इस नाम का अर्थ सूरज बताया जाता है। उन्होंने खुद को पूर्वी संस्कृति से जुड़ी एक रहस्यमयी नृत्यांगना के रूप में पेश किया। उनकी अनोखी नृत्य शैली और आकर्षक व्यक्तित्व ने जल्द ही उन्हें पेरिस के उच्च समाज में लोकप्रिय बना दिया।
बड़े-बड़े अधिकारी थे उनके मुरीद
1905 में पेरिस के गिमे म्यूजियम में उनके एक नृत्य कार्यक्रम ने खूब सुर्खियां बटोरीं। धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता फ्रांस से निकलकर यूरोप के दूसरे देशों तक पहुंच गई। बड़े कारोबारी, राजनयिक और सैन्य अधिकारी उनके प्रशंसकों में शामिल थे। महंगे तोहफे और आलीशान जिंदगी उनकी पहचान बन गए, लेकिन वक्त के साथ उनकी लोकप्रियता कम होने लगी। इसी दौरान प्रथम विश्व युद्ध शुरू हो गया और उनकी जिंदगी में जासूसी का विवाद दाखिल हुआ।
पेरिस में एक डांसर के तौर पर काम करती थीं माता हारी।
प्यार ने बदली जिंदगी
रिपोर्ट के मुताबिक, 1915 में माता हारी की मुलाकात रूसी सैन्य अधिकारी व्लादिमीर दे मैसलॉफ से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और माता हारी उनसे शादी करना चाहती थीं। बताया जाता है कि मैसलॉफ युद्ध में घायल हो गए थे और उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी। उनके साथ नई जिंदगी शुरू करने के लिए माता हारी को पैसों की जरूरत थी। इसी सिलसिले में उन्होंने फ्रांसीसी युद्ध विभाग से जुड़े एक अधिकारी से मदद मांगी। इसके बाद वह फ्रांसीसी खुफिया तंत्र के संपर्क में आईं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फ्रांसीसी खुफिया अधिकारी जॉर्ज लैडॉ ने उन्हें फ्रांस के लिए जासूसी करने का प्रस्ताव दिया था। इसके बदले उन्हें 10 लाख फ्रैंक देने की बात कही गई। इसके बाद माता हारी स्पेन गईं, जहां उनकी मुलाकात जर्मन राजनयिक आर्नोल्ड वॉन कैले से हुई।
जर्मन जासूस होने का लगा आरोप
माता हारी पर आरोप लगा कि वह जर्मनी के लिए भी खुफिया जानकारियां जुटा रही थीं। फ्रांसीसी अधिकारियों को शक था कि वह अपने प्रभावशाली संपर्कों का इस्तेमाल करके जर्मनी तक सूचनाएं पहुंचा रही हैं। 1917 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर मुकदमा चला और फ्रांसीसी अदालत ने उन्हें जासूसी का दोषी मानते हुए मौत की सजा सुना दी।
15 अक्टूबर 1917 की सुबह पेरिस में माता हारी को गोली मार दी गई। बताया जाता है कि जब सैनिकों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधने की कोशिश की, तो उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। 12 फ्रांसीसी सैनिकों ने उन पर गोलियां चलाईं और 41 साल की उम्र में उनकी जिंदगी खत्म हो गई।
नूर इनायत खान
दूसरे विश्व युद्ध में नाजियों के खिलाफ लड़ाई सिर्फ मैदान-ए-जंग में नहीं लड़ी जा रही थी। दुश्मन के कब्जे वाले इलाकों में कई जासूस अपनी जान जोखिम में डालकर खुफिया जानकारियां जुटा रहे थे। इन्हीं में एक नाम था नूर इनायत खान का। भारतीय मूल की नूर ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करती थीं। नाजियों ने उन्हें गिरफ्तार कर यातनाएं दीं, लेकिन वह अपने साथियों का राज बताने को तैयार नहीं हुईं।
टीपू सुल्तान के वंश से था रिश्ता
नूर इनायत खान का जन्म 1914 में मॉस्को में हुआ था। उनके पिता इनायत खान भारतीय सूफी विचारक और संगीतकार थे, जबकि मां अमेरिकी थीं। नूर का संबंध मैसूर के शासक टीपू सुल्तान के परिवार से भी था। उनका बचपन फ्रांस और ब्रिटेन में बीता। वह लेखन और संगीत में रुचि रखती थीं और बच्चों के लिए कहानियां भी लिखती थीं।
नूर इनायत खान: एक शांत लेखिका जो ब्रिटेन की सबसे मज़बूत जासूस बन गईं
कैसे बनीं ब्रिटेन की जासूस?
दूसरे विश्व युद्ध के दौरान फ्रांस पर नाजी जर्मनी का कब्जा हो गया। नूर अपने परिवार के साथ ब्रिटेन पहुंचीं और 1940 में महिला सहायक वायुसेना में शामिल हो गईं। यहां उन्होंने वायरलेस ऑपरेटर की ट्रेनिंग ली।
बाद में उन्हें ब्रिटेन की खुफिया संस्था स्पेशल ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव (SOE) में शामिल किया गया। जून 1943 में उन्हें 'मेडेलीन' कोडनेम के साथ नाजी कब्जे वाले फ्रांस भेजा गया। उनका काम रेडियो के जरिए लंदन तक खुफिया संदेश पहुंचाना और फ्रांसीसी प्रतिरोध आंदोलन के साथ संपर्क बनाए रखना था।
अकेले संभाला खुफिया नेटवर्क
फ्रांस पहुंचने के कुछ ही समय बाद नाजियों ने उनके नेटवर्क के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। नूर के पास ब्रिटेन लौटने का विकल्प था, लेकिन उन्होंने मिशन जारी रखने का फैसला किया।
गिरफ्तारी के बाद नूर को जर्मनी की पफोर्जाइम जेल में रखा गया। उन्हें जंजीरों में बांधकर एकांत कारावास में रखा गया और लगातार यातनाएं दी गईं। इसके बावजूद उन्होंने अपने साथियों और खुफिया नेटवर्क से जुड़ी जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने जेल से भागने की कोशिश भी की, लेकिन हर बार पकड़ ली गईं।
13 सितंबर 1944 को नूर इनायत खान को डाखाऊ यातना शिविर में गोली मार दी गई। उस वक्त उनकी उम्र महज 30 साल थी। कहा जाता है कि मौत से ठीक पहले उन्होंने 'लिबर्ते' यानी आजादी का नारा लगाया था। नूर की बहादुरी को बाद में ब्रिटेन और फ्रांस ने सम्मानित किया। उन्हें 1946 में फ्रांस का क्रोआ द गेर और 1949 में ब्रिटेन का जॉर्ज क्रॉस मरणोपरांत दिया गया। 2020 में लंदन में उनके सम्मान में ब्लू प्लाक भी लगाया गया।
वर्जीनिया हॉल
महिला जासूसों की दुनिया में वर्जीनिया हॉल का नाम सबसे चर्चित नामों में शामिल है। वह अमेरिकी नागरिक थीं। 1932 में तुर्की में एक शिकार अभियान के दौरान वर्जीनिया के बाएं पैर में गोली लग गई। चोट इतनी गंभीर थी कि संक्रमण फैलने के कारण डॉक्टरों को उनका पैर काटना पड़ा। इसके बाद उन्हें आर्टिफिशयल पैर लगाना पड़ा, जिसे उन्होंने प्यार से 'कथबर्ट' नाम दिया। दूसरे विश्व युद्ध के दौरान वर्जीनिया हॉल ने फ्रांस में ब्रिटिश और बाद में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के लिए काम किया।
द्वितीय विश्व युद्ध शुरू होने के बाद वर्जीनिया ने फासीवाद के खिलाफ लड़ाई में योगदान देने का फैसला किया। 1940 में वह फ्रांसीसी सेना की 9वीं आर्टिलरी रेजिमेंट के साथ एंबुलेंस ड्राइवर के रूप में जुड़ गईं।
लेकिन जर्मन सेना ने फ्रांस पर कब्जा कर लिया और उन्हें वहां से निकलकर ब्रिटेन जाना पड़ा। लंदन पहुंचने के बाद उनकी मुलाकात ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी स्पेशल ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव (SOE) के अधिकारियों से हुई। यह एजेंसी यूरोप में नाजियों के खिलाफ गुप्त अभियान चलाती थी। वर्जीनिया को हथियार चलाने, भेष बदलने, तोड़फोड़ करने और जासूसी की ट्रेनिंग दी गई। इसके बाद उन्हें 'जरमेन' समेत अलग-अलग कोडनेम के साथ फ्रांस भेजा गया।
नाजियों की नाक के नीचे बनाया खुफिया नेटवर्क
अगस्त 1941 में वर्जीनिया एक रिपोर्टर का भेष बनाकर फ्रांस पहुंचीं। वहां उन्होंने फ्रांसीसी प्रतिरोध आंदोलन के लोगों और ब्रिटिश एजेंटों के साथ मिलकर एक खुफिया नेटवर्क तैयार किया। इस नेटवर्क का कोडनेम 'हेकलर' था।
लियोन शहर को अपना केंद्र बनाकर उन्होंने हथियारों और जरूरी सामान की सप्लाई, सहयोगियों के बीच संपर्क और जर्मन सेना की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने जैसे काम किए।
उनकी गतिविधियों से जर्मन खुफिया एजेंसियां परेशान हो गई थीं। गेस्टापो के अधिकारी उन्हें पकड़ने के लिए तलाश कर रहे थे। उनकी तस्वीरें और अलग-अलग पहचान वाले पोस्टर तक कब्जे वाले फ्रांस में लगाए गए थे।
50 मील पैदल चलकर स्पेन पहुंचीं
नवंबर 1942 में जब वर्जीनिया को लगा कि दुश्मन उनके करीब पहुंच रहा है, तो उन्होंने फ्रांस से निकलने का फैसला किया। वह ट्रेन से दक्षिण की ओर गईं और फिर सर्दियों के कठिन मौसम में पाइरेनीज पहाड़ों के रास्ते करीब 50 मील पैदल चलकर तटस्थ स्पेन पहुंचीं।
इस दौरान उनके कृत्रिम पैर 'कथबर्ट' ने भी उनका साथ दिया। उन्होंने लंदन अपने संदेश में उम्मीद जताई थी कि कथबर्ट उन्हें ज्यादा परेशान नहीं करेगा। उनके संदेश को गलत समझकर अधिकारियों ने जवाब दिया कि अगर कथबर्ट परेशानी करे तो उसे खत्म कर दें। यह संवाद बाद में उनकी कहानी का चर्चित किस्सा बन गया।
स्पेन में कुछ समय जेल में रहने के बाद अमेरिकी अधिकारियों की मदद से उनकी रिहाई हुई। इसके बाद उन्होंने अमेरिकी खुफिया एजेंसी ऑफिस ऑफ स्ट्रैटेजिक सर्विसेज (OSS) के साथ काम करना शुरू किया। ऑफिस ऑफ स्ट्रैटेजिक सर्विसेज को बाद में सीआईए नाम दिया गया।
भेष बदलकर फिर लौटीं फ्रांस
वर्जीनिया एक बार फिर फ्रांस लौटीं। इस बार उनका कोडनेम 'डायने' था और उन्होंने 'मार्सेल मोंटेन' नाम की ग्रामीण फ्रांसीसी महिला का भेष अपनाया। उन्होंने अपने बालों को सफेद रंग दिया, उन्हें पीछे बांधा और अपने चेहरे-मोहरे में बदलाव किए, ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।
वर्जीनिया हॉल ने फ्रांस में ब्रिटिश और बाद में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के लिए काम किया।
1944 में उनके नेतृत्व वाले नेटवर्क ने जर्मन सेना को भारी नुकसान पहुंचाने वाले कई अभियान चलाए। लेख के मुताबिक, उनके नेटवर्क ने 16 रेलवे लाइनें काटीं, आठ ट्रेनों को पटरी से उतारा और चार रेलवे पुलों को उड़ा दिया। इसके अलावा टेलीफोन के तार काटे गए और जर्मन सैनिकों को भी नुकसान पहुंचाया गया।वर्जीनिया की गतिविधियों ने जर्मन सेना की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। इसके बावजूद वह लंबे समय तक उनकी पकड़ से बाहर रहीं।
उनकी सबसे बड़ी ताकत थी अपनी पहचान बदलने की कला। वह कभी बुजुर्ग महिला का रूप धारण करतीं, तो कभी किसी ग्रामीण महिला की तरह नजर आतीं। इस तरह वह अलग-अलग पहचान के साथ दुश्मन के इलाके में घूमती रहती थीं। जर्मन गेस्टापो उन्हें पकड़ना चाहता था, लेकिन वर्जीनिया बार-बार उसके हाथों से बच निकलती रहीं।
युद्ध के बाद मिला सम्मान
द्वितीय विश्व युद्ध खत्म होने के बाद वर्जीनिया हॉल को फ्रांस का क्रोआ द गेर (Croix de Guerre) और अमेरिका का डिस्टिंग्विश्ड सर्विस क्रॉस (Distinguished Service Cross) दिया गया। वह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यह अमेरिकी सम्मान पाने वाली एकमात्र महिला नागरिक थीं। उन्हें ब्रिटेन की ओर से मानद सदस्यता भी दी गई। युद्ध के बाद उन्होंने सीआईए में विश्लेषक के तौर पर काम किया और 1966 में रिटायर हो गईं। 1982 में 76 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।
क्रिस्टीन ग्रैनविल
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन के लिए जासूसी करने वाली क्रिस्टीन ग्रैनविल की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। उन्होंने नाजी कब्जे वाले इलाकों में खतरनाक मिशन अंजाम दिए, दुश्मन को चकमा दिया और कई बार अपने साथियों की जान बचाई। उनकी बहादुरी से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल भी प्रभावित थे। कहा जाता है कि वह उन्हें अपनी पसंदीदा जासूस मानते थे।
बर्फीले पहाड़ पार कर पहुंचीं जासूसी मिशन पर
क्रिस्टीन का असली नाम मारिया क्रिस्टीना स्कारबेक था। उनका जन्म 1908 में पोलैंड के वारसॉ में हुआ था। 1939 में जर्मनी के पोलैंड पर हमले के बाद वह ब्रिटेन पहुंचीं और नाजियों के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने का फैसला किया।
उन्होंने ब्रिटिश खुफिया एजेंसी एमI6 के लिए काम किया। उनका पहला बड़ा मिशन बर्फीले कार्पेथियन पहाड़ों को पार कर पोलैंड पहुंचना था। वहां उन्होंने खुफिया जानकारी जुटाई और सहयोगियों तक संदेश पहुंचाए। वह कई बार दुश्मन के इलाके में भेष बदलकर पहुंचीं और जर्मन सेना की गतिविधियों पर नजर रखी।
ब्रिटिश खुफिया एजेंसी एमI6 के लिए काम करती थीं क्रिस्टीन ग्रैनविल।
जीभ काटकर जर्मन अधिकारियों को दिया चकमा
एक बार जर्मन अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान क्रिस्टीन ने अपनी जीभ इतनी जोर से काटी कि मुंह से खून निकलने लगा। उन्होंने ऐसा दिखाया जैसे उन्हें टीबी की बीमारी है। उस दौर में टीबी को बेहद संक्रामक माना जाता था। जर्मन अधिकारी डर गए और उन्होंने क्रिस्टीन को छोड़ दिया।
63 सैनिकों को नाजी सेना छोड़ने के लिए मनाया
1944 में क्रिस्टीन ने एक बेहद जोखिम भरा मिशन अंजाम दिया। उन्होंने लाउडस्पीकर के जरिए जर्मन सेना में जबरन शामिल किए गए 63 पोलिश सैनिकों से संपर्क किया और उन्हें नाजी सेना छोड़ने के लिए राजी कर लिया। एक अन्य मिशन में उन्हें पता चला कि उनके तीन साथी गेस्टापो की गिरफ्त में हैं और उन्हें फांसी दी जा सकती है। क्रिस्टीन जेल पहुंचीं और खुद को ब्रिटिश फील्ड मार्शल मोंटगोमरी की रिश्तेदार बताकर अधिकारियों पर दबाव बनाया। उनकी चाल काम कर गई और तीनों एजेंट रिहा हो गए।
युद्ध के बाद पूर्व प्रेमी ने कर दी हत्या
युद्ध खत्म होने के बाद क्रिस्टीन को वह सम्मान और स्थिर जिंदगी नहीं मिली जिसकी वह हकदार थीं। उन्हें छोटे-मोटे काम करने पड़े। इसी दौरान उनकी मुलाकात डेनिस जॉर्ज मल्डोनी से हुई। दोनों के बीच रिश्ता बना, लेकिन बाद में क्रिस्टीन ने उनसे दूरी बना ली।
15 जून 1952 को लंदन के शेलबोर्न होटल में मल्डोनी ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। बाद में उसे इस अपराध के लिए फांसी दे दी गई। क्रिस्टीन को युद्ध के दौरान उनकी बहादुरी के लिए ब्रिटेन और फ्रांस ने सम्मानित किया था।
