बिजनेस

छठ पर आसमान छू रहा हवाई किराया, 50% तक हुई बढ़ोतरी, CTI ने सरकार को लिखा पत्र, जानें दिल्ली से पटना-दरभंगा जाने का किराया

Airfare Hike: छठ और शादियों के सीजन में 15 दिनों में दोगुने हुए हवाई किरायों पर रोक लगाने के लिए CTI ने नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर अपर कैप, अधिक उड़ानें और नई एयरलाइंस शुरू करने की मांग की है।

Image

फ्लाइट किराया हुआ जबरदस्त महंगा

Photo : iStock

Airfare Hike : देश में छठ महापर्व की धूम और आगामी 20 नवंबर से शुरू हो रहे शादियों के सीजन के बीच हवाई सफर आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। पिछले महज 15 दिनों के भीतर घरेलू उड़ानों के किरायों में 50 प्रतिशत से लेकर दोगुने तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विमान कंपनियों की इस मनमानी के खिलाफ व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने मोर्चा खोल दिया है। CTI ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को एक आधिकारिक पत्र लिखकर हवाई किरायों में हो रही इस 'लूट' पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और किराये की अधिकतम सीमा (अपर कैप) तय करने की मांग की है।

छठ और शादियों की खुशियों पर भारी पड़ रहा टिकट का खर्च

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आसमान छूते किरायों से केवल व्यापारी वर्ग ही नहीं, बल्कि देश का मध्यम वर्ग और आम नागरिक भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस समय छठ पर्व चल रहा है और ठीक पांच दिन बाद यानी 20 नवंबर से शादियों का बड़ा सीजन शुरू होने जा रहा है। ऐसे अवसरों पर लाखों लोग अपने घर जाने और पारिवारिक समारोहों में शामिल होने के लिए यात्रा करते हैं, लेकिन हवाई टिकटों के दाम सुनकर ही लोगों के होश उड़ रहे हैं। बृजेश गोयल के अनुसार, अचानक किरायों को दोगुना कर देना आम जनता की जेब पर सीधा डाका डालने जैसा है।

दिल्ली से प्रमुख शहरों का किराया हुआ दोगुना

हवाई किरायों में हुई इस बेतहाशा वृद्धि को उजागर करने के लिए CTI ने एक सर्वे भी किया है। इस सर्वे के आंकड़े चौंकाने वाले हैं, जो दर्शाते हैं कि कुछ दिन पहले जो टिकट आधे दाम पर मिल रहे थे, अब उनके लिए दोगुनी कीमत चुकानी पड़ रही है। सर्वे के मुताबिक, दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा मार झेलनी पड़ रही है। दिल्ली से दरभंगा का किराया बढ़कर 20,000 रुपये और दिल्ली से पटना का किराया 18,000 रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा, दिल्ली से बेंगलुरु का टिकट 16,000 से 18,000 रुपये, दिल्ली से मुंबई का किराया 15,000 रुपये, दिल्ली से हैदराबाद का किराया 11,000 से 15,000 रुपये और दिल्ली से अहमदाबाद का किराया 11,000 रुपये तक वसूला जा रहा है।

रूट (दिल्ली से) अब किराया

  • दिल्ली - पटना: 18,000 रुपये
  • दिल्ली - दरभंगा: 20,000 रुपये
  • दिल्ली - मुंबई: 15,000 रुपये
  • दिल्ली - बेंगलुरु: 16,000 - 18,000 रुपये
  • दिल्ली - अहमदाबाद: 11,000 रुपये
  • दिल्ली - हैदराबाद: 11,000 - 15,000 रुपये

किराये पर अपर कैप और दूरी के हिसाब से रेट तय करने की मांग

हवाई यात्रियों को राहत दिलाने के लिए CTI ने नागरिक उड्डयन मंत्री के सामने अपनी पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। संगठन की पहली और सबसे अहम मांग यह है कि त्योहारों और शादियों के मौके का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूलने वाली एयरलाइंस पर सरकार तुरंत नकेल कसे। दूसरी मांग के तहत CTI ने हर रूट पर किराये की एक अधिकतम सीमा यानी 'अपर कैप' तय करने का सुझाव दिया है, ताकि कोई भी विमान कंपनी उससे अधिक पैसा न वसूल सके। इसके साथ ही, संगठन ने तीसरी मांग में कहा है कि टिकट की कीमत गंतव्य स्थान की दूरी और किलोमीटर के आधार पर एक पारदर्शी फॉर्मूले से तय होनी चाहिए, क्योंकि 500 किलोमीटर और 1500 किलोमीटर की उड़ान का किराया एक जैसा रखना तर्कसंगत नहीं है।

उड़ानों की संख्या बढ़ाने और नई एयरलाइंस लाने पर जोर

यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सीटों की कमी को देखते हुए CTI ने अपनी चौथी मांग में व्यस्त रूटों पर विमानों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने पर जोर दिया है। संगठन का मानना है कि दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे रूटों पर मांग बहुत अधिक है, लेकिन उड़ानें कम हैं, जिससे किराये बढ़ते हैं। पांचवीं और अंतिम मांग में CTI ने विमानन क्षेत्र में एकाधिकार खत्म करने की बात कही है। बृजेश गोयल ने कहा कि देश का एविएशन सेक्टर केवल दो बड़ी कंपनियों के भरोसे नहीं चल सकता। बाजार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए सरकार को 2 से 3 नई एयरलाइंस शुरू करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए, जिससे टिकटों के दाम अपने आप नियंत्रित हो सकें।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article