देश

पहलगाम आतंकी हमला: पाकिस्तान में बैठे आकाओं और छह अन्य के खिलाफ चार्जशीट दाखिल; NIA ने साजिद जट्ट को भी बनाया आरोपी

एनआईए ने पाकिस्तान में बैठे आका साजिद जट्ट को भी जम्मू स्थित विशेष एनआईए न्यायालय में दाखिल आरोपपत्र में बतौर आरोपी नामजद किया गया है। इसके अलावा, उन तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें आतंकी हमले के 99 दिन बाद 29 जुलाई को श्रीनगर के दाचीगाम में ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान सेना ने मार गिराया था।

Image

पाकिस्तान से आए थे पहलगाम हमला करने वाले आतंकी (AP)

Photo : AP

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मामले में सोमवार को सात आरोपियों के खिलाफ 1597 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है। इनमें पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटीटी) और उसके मुखौटा संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के गुर्गे और पड़ोसी देश में मौजूद उनका आका भी शामिल हैं।

लश्कर-ए-तैयबा/टीआरएफ ने रची थी हमले की साजिश

आरोपपत्र में पाकिस्तान की साजिश, आरोपियों की भूमिका और मामले को साबित करने में सहायक सबूतों का विस्तृत विवरण दिया गया है। इसमें बताया गया है कि प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा/टीआरएफ ने पहलगाम हमले की साजिश रची, आतंकियों को साजो-सामान मुहैया कराया। इतना ही नहीं हमले को अंजाम देने में उसकी भूमिका के लिए एक कानूनी इकाई के तौर पर आरोपित किया गया है।

भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने की धारा भी लगाई

एनआईए ने बताया कि पाकिस्तान में बैठे आका साजिद जट्ट को भी जम्मू स्थित विशेष एनआईए न्यायालय में दाखिल आरोपपत्र में बतौर आरोपी नामजद किया गया है। इसके अलावा, उन तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें आतंकी हमले के 99 दिन बाद 29 जुलाई को श्रीनगर के दाचीगाम में ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान सेना ने मार गिराया था। तीनों की पहचान फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान शाह, हबीब ताहिर उर्फ जिब्रान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। एनआईए ने अपने आरोपपत्र में आरोपियों के खिलाफ भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने की धारा भी लगाई है।

पाकिस्तान से जुड़े पूरी साजिश के तार

एनआईए के मुताबिक, उसने लगभग आठ महीने तक चली विस्तृत वैज्ञानिक जांच में पता लगाया कि इस पूरी साजिश के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं, जो भारत के खिलाफ आतंकवाद को लगातार प्रायोजित कर रहा है। आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में एनआईए द्वारा 22 जून को गिरफ्तार परवेज अहमद और बशीर अहमद जोथर के खिलाफ भी आरोपपत्र दायर किया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हमले में संलिप्त तीन सशस्त्र आतंकवादियों की पहचान उजागर की। साथ ही यह भी बताया की कि वे प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा आतंकी संगठन से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article