शहर

Chhattisgarh News: बाल-बाल बचे मंत्री केदार कश्यप, काफिले को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी जोरदार टक्कर; 6 अन्य घायल

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-कोंडागांव सीमा पर रविवार को मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। जूनवानी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मंत्री की कार को टक्कर मारने के बाद फॉलो वाहन को भी चपेट में ले लिया। हादसे में चार पुलिसकर्मी समेत 6 लोग घायल हुए हैं, जबकि मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

Image

विष्णु देव साय सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं केदार कश्यप (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Kedar Kashyap: छत्तीसगढ़ में जगदलपुर-कोंडागांव सीमा के पास रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जूनवानी के नजदीक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मंत्री केदार कश्यप की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह मंत्री के काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई।

फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा

हादसे में फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के वक्त मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो अचानक मंत्री की कार से भिड़ गई। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो पीछे चल रहे फॉलो वाहन से टकरा गई। अचानक हुई इस टक्कर से मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मंत्री सुरक्षित, 6 अन्य घायल

हादसे के दौरान मंत्री के निजी सहायक अनुराग शर्मा, वाहन के चालक सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और सुकांतिन उसेंडी तथा आरक्षक त्रिलोतमा ध्रुव और नर्मदा मरकाम घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। वहीं, हादसे में मंत्री केदार कश्यप पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

नहीं गई किसी की जान

राहत की बात यह है कि टक्कर इतनी जोरदार होने के बावजूद घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि दुर्घटना में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस ने हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मंत्री के काफिले से टकराई। फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है।

बता दें कि केदार कश्यप छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख भारतीय राजनीतिज्ञ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं। वह वर्तमान में विष्णु देव साय सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं, जिनके पास वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता और संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article