Odisha News: बीजू जनता दल (BJD) ने पार्टी अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए दो विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की है। गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के कारण दो विधायकों को पार्टी से निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबित किए गए विधायकों में केंद्रापड़ा जिले की पटकरा विधानसभा सीट से विधायक अरविंद मोहापात्रा और केओंझर जिले की चंपुआ विधानसभा सीट से विधायक सनातन महाकुड शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि दोनों विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के कारण बीजू जनता दल से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। यह आदेश स्वयं पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक द्वारा हस्ताक्षरित है।
बीजेडी ने निलंबन संबंधी आदेश की एक प्रति ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष को भी भेजी है, ताकि इसे विधायी प्रक्रिया में औपचारिक रूप से दर्ज किया जा सके। साथ ही, दोनों विधायकों को भी आदेश की प्रति उपलब्ध करा दी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पार्टी संगठन इस मामले की विस्तृत समीक्षा कर सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से जारी किए गए इस आदेश से यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि दोनों विधायकों पर किस प्रकार की गतिविधियों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
