देश

'बजट में महंगाई को कंट्रोल करने का कोई समाधान नहीं...', खरगे बोले- मोदी सरकार के पास नए आइडिया हो गए खत्म

Budget 2026: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार के इस बजट में गरीबों के लिए कुछ नहीं है और ही बेरोजगारी के संकट का कोई समाधान मौजूद है।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

Budget 2026: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब तबके के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार के पास नए आइडिया खत्म हो गए हैं। यह बजट भारत की महत्वपूर्ण आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों के बारे में जवाब से ज़्यादा सवाल खड़े करता है। इसमें गरीबों के लिए कुछ भी नहीं है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कुछ कहा?

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ''मोदी सरकार ने महंगाई को कंट्रोल करने के लिए कोई समाधान, सकारात्मक सुझाव या ठोस कदम पेश नहीं किए हैं। इकोनॉमिक सर्वे से पता चलता है कि व्यापार में अनिश्चितता भारत के लिए एक बड़ी चुनौती है, फिर भी बजट में इस समस्या को मुश्किल से ही माना गया है। इसी तरह, रुपये की गिरती कीमत को रोकने के लिए उनके पास कोई प्लान नहीं है...''

'बजट में बेरोजगारी संकट का कोई समाधान नहीं'

उन्होंने कहा कि बजट में कंज्यूमर डिमांड को फिर से शुरू करने का कोई इरादा नहीं दिखता है। घरेलू बचत में गिरावट और पर्सनल कर्ज का बढ़ता बोझ भी नज़रअंदाज़ किया गया है... शिक्षित युवाओं में फैली व्यापक बेरोज़गारी के संकट का कोई समाधान इसमें नहीं है। वित्त आयोग की सिफारिशों पर और अध्ययन की आवश्यकता है, लेकिन वे गंभीर वित्तीय संकट झेल रही राज्य सरकारों को कोई राहत देती नहीं दिखाई दे रही हैं।

बजट में कमजोर वर्ग का हुई अनदेखा

खरगे ने कहा कि देश में असमानता ब्रिटिश राज के दौर से भी आगे निकल चुकी है, लेकिन बजट में इसका जिक्र तक नहीं है। न ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग या अल्पसंख्यकों के लिए किसी प्रकार की सहायता का कोई प्रावधान किया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article