देश

पेट्रोल 10 और डीजल 12 रुपये हुआ महंगा? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा कथित सरकारी आदेश फैक्ट चेक में निकला फर्जी

Petrol Diesel Price Hike: सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर एक कथित सरकारी आदेश तेजी से वायरल हो रहा है। जब इस दावे की पड़ताल की गई तो यह सूचना एकदम भ्रामक निकली।

Image

क्या वोटिंग के बीच चुनाव-डीजल की बढ़ी कीमतें? (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Petrol Diesel Price Hike: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर एक कथित सरकारी आदेश की एक तस्वीर दिखाई दे रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पेट्रोल 10 रुपये और डीजल 12.50 रुपये महंगा हुआ है। सोशल मीडिया में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी वाला दावा फर्जी है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

PIB ने की वायरल पोस्ट की पड़ताल

प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित सरकारी आदेश वाले पोस्ट की पड़ताल की। पड़ताल में पेट्रोल-डीजल की बढ़ोतरी वाला दावा फर्जी पाया गया। पीआईबी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। वायरल दस्तावेज फर्जी है।

इस दौरान, पीआईबी ने लोगों से अपील की कि ऐसी खबरों पर भरोसा करने से पहले केवल आधिकारिक सरकारी स्रोतों से सत्यापन करें। साथ ही, संदिग्ध कंटेंट को पीआईबी फैक्ट चेक (PIB Fact Check) के वॉट्सएप और ईमेल पर रिपोर्ट करने को कहा।

पीआईबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, '' यह आदेश फर्जी है। सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया। ऐसी किसी भी सूचना की पुष्टि हमेशा सरकारी आधिकारिक स्रोतों से ही करें। भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकने में मदद करें। संदिग्ध सामग्री को @PIBFactCheck पर रिपोर्ट करें।''

Nilanjan Das Fake Post

भ्रामक सूचना हो रही वायरल

TMC नेता ने भी शेयर किया भ्रामक पोस्ट

पीआईबी ने जिस दावे को पड़ताल में फर्जी पाया, उस कथित सरकारी आदेश की फर्जी कॉपी को अन्य सोशल मीडिया यूजर्स के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने भी साझा किया। टीएमसी नेता निलंजन दास ने कथित सरकारी आदेश की कॉपी शेयर करते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वोटिंग अभी भी जारी है और जन-विरोधी मोदी सरकार ने बेशर्मी से पेट्रोल की कीमत 10 और डीज़ल की कीमत 12.50 बढ़ा दी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article