देश

PM के न्यूजवीक इंटरव्यू पर उठे सवाल तो दानिश मंजूर भट्ट ने दिया जवाब, बोले-अब 'सपेरों वाला देश' नहीं रहा भारत

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 11, 2024, 01:58 PM IST

Danish Manzoor Bhat : X पर दानिश ने कहा कि वह आलोचनाओं का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह धारणा बनाकर चलते हैं कि विकासशील देश में कुछ अच्छा नहीं हो सकता लेकिन इस पूर्वाग्रह को छोड़ते हुए भारत की कहानी बताए जाने की जरूरत है

Image

पीएम मोदी ने न्यूजवीक पत्रिका को दिया है इंटरव्यू।

Danish Manzoor Bhat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी पत्रिका न्यूजवीक को दिए अपने हालिया इंटरव्यू में वैश्विक ताकत के रूप में उभरे भारत और चीन के साथ शांतिपूर्ण संबंध बनाने के प्रयासों को रेखांकित किया है। पत्रिका के एडिटोरियल डाइरेक्टर दानिश मंजूर भट्ट के साथ खास बातचीत में प्रधानमंत्री ने आर्थिक विकास, बुनियादी संरचना के विस्तार, पर्यावरण के मुद्दे सहित भारत के विकास के अलग-अलग पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। हालांकि, इस इंटरव्यू के बाद दानिश आलोचना का शिकार हुए हैं और उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। दानिश ने अब अपने आलोचकों और ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है। उन्होंने सवाल करने वालों से इंटरव्यू का पूरा हिस्सा पढ़ने के लिए कहा है।

X पर दानिश ने कहा कि वह आलोचनाओं का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह धारणा बनाकर चलते हैं कि विकासशील देश में कुछ अच्छा नहीं हो सकता लेकिन इस पूर्वाग्रह को छोड़ते हुए भारत की कहानी बताए जाने की जरूरत है क्योंकि देश अपनी राजनीति और अपने राजनेताओं से अलग चीज होते हैं।

'भारत की पहचान केवल राजनीति नहीं'

दानिश कहते हैं कि अपने इस इंटरव्यू में उन्होंने भारतीय पीएम को एक परिपक्व नेता पाया। इस नेता को पता है कि वह क्या कर रहे हैं। इन्हें अपनी कमजोरियां पता हैं। देश को समृद्धि और विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए ये अपनी खामियों को दूर करने का प्रयास भी कर रहे हैं। गलत को गलत कहने से आपको गुरेज नहीं होना चाहिए, लेकिन जो अच्छाइयां हैं उसे भी आपको सामने लाना चाहिए। भारत आज तेजी से विकास कर रहा है लेकिन दुनिया आज भी इसे 'सपेरों के देश' के रूप में देखती है, लेकिन भारत अपनी राजनीति, अपने प्रधानमंत्रियों एवं अपने घरेलू अंतर्विरोधों से अलग एक देश भी है।

इंदिरा के बाद न्यूजवीक के कवर पर छपने वाले दूसरे भारतीय PM

पीएम मोदी पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के बाद न्यूजवीक के कवर पर आने वाले पहले भारतीय पीएम हैं। इस इंटरव्यू में पीएम ने कहा, 'लोगों को यह भरोसा है कि अगर योजनाओं का लाभ किसी और को मिला है तो उन तक भी पहुंचेगा। लोगों ने देखा है कि भारत 11वीं से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अब देश की आकांक्षा है कि तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने।'

इंटरव्यू में राम मंदिर पर बोले

इंटरव्यू में अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह राष्ट्र के लिए एकता का एक ऐतिहासिक क्षण था और यह सदियों की दृढ़ता और बलिदान की परिणति थी। उन्होंने कहा, 'जब मुझे समारोह का हिस्सा बनने के लिये कहा गया तो मुझे पता था कि मैं देश के 1.4 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करूंगा जिन्होंने रामलला की वापसी के लिए सदियों से धैर्यपूर्वक इंतजार किया है।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!