New Year 2024: साल 2023 बीत गया है और 2024 की सुबह हो चुकी है। बीता हुआ साल जहां हमें कई खुशियां और गम दे गया तो इस साल हमने कई घटनाएं भी देखीं। लेकिन अब 2024 हमारे जीवन में उम्मीदें लेकर आया है। इस साल देश में बहुत कुछ अच्छा होने की उम्मीद है। 2024 में ऐसी कई घटनाएं होने जा रही हैं, जिस पर सभी भारतवासियों की नजर रहेगी। एक तरफ देश ऐतिहासिक राम मंदिर के उद्घाटन का साक्षी बनेगा तो दूसरी तरह अंतरिक्ष में भारत फिर से नए कीर्तिमान स्थापित करता हुआ नजर आएगा।
साल 2024 में लोकसभा चुनाव भी होने हैं। जहां NDA बनाम INDIA का मुकाबला होना है। इसके अलावा चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने आएं। आइए जानते हैं देश में खेल, सिनेमा, विज्ञान और राजनीति के क्षेत्र में क्या कुछ होने वाला है।
अयोध्या वापस लौटेंगे राम
2024 की सबसे बड़ी घटनाओं का जिक्र करें तो राम मंदिर का उद्धाटन पहले नंबर पर है। यह ऐसी घटना होगी, जो इतिहास के पन्नों में दर्ज कर ली जाएगी। अयोध्या में बन रहे भव्य-दिव्य राम मंदिर का 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राम लला की भी प्राण-प्रतिष्ठा होगी।
लोकसभा चुनाव
इस साल देश में लोकसभा चुनाव भी होने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, मार्च की शुरुआत में चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। सभी देशवासियों की नजर इन चुनावों पर होगी। नौ साल से सत्ता पर काबिज भाजपा जहां तीसरी पारी खेलने के लिए जोर लगाएगी तो भाजपा का मुकाबला करने के लिए इंडिया गठबंधन भी दमखम दिखाता नजर आएगा।
अंतरिक्ष से लेकर समंदर तक कीर्तिमान
नए साल की शुरुआत होते ही भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने एक कीर्तिमान रच दिया है। इसरो ने अंतरिक्ष के ब्लैक होल के रहस्यों का पता लगाने के लिए एक्स-रे पोलारिमीटर उपग्रह (XPoSat) लॉन्च कर दिया। इसके अलावा भी अंतरिक्ष के क्षेत्र में इसरो कई मिशन लॉन्च करने वाला है। इनमें INSAT-3DS, निसार, गगनयान शामिल हैं।
चार राज्यों में विधानसभा चुनाव
लोकसभा के साथ-साथ चार राज्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। आंध्र प्रदेश में जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस की सरकार है तो अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ओडिशा में लंबे समय से बीजू जनता दल की सरकार है। वहीं सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की सरकार है।
