देश

योगी, नितिन नवीन से लेकर तावड़े तक! मथुरा में 17 को BJP का बड़ा जमावड़ा, UP चुनाव पर होगा महामंथन

सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। इस बैठक के लिए प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और संघ के प्रमुख पदाधिकारी भी इस बैठक का हिस्सा होंगे।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। तस्वीर-AI

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी में सभी राजनीतिक दल पूरी तरह जुट चुके हैं। वोटों के समीकरण को ध्यान में रखकर चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी इसमें पीछे नहीं है। वह भी अपनी रणनीति को धार दे रही है। इसी क्रम में 17 नवंबर को मथुरा में पार्टी की बड़ी बैठक बुलाई गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मथुरा में होने वाली इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं यूपी के प्रभारी विनोद तावड़े, यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश के अन्य मंत्री हिस्सा ले सकते हैं।

बैठक में प्रदेश के सभी बड़े नेता होंगे शामिल

सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। इस बैठक के लिए प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और संघ के प्रमुख पदाधिकारी भी इस बैठक का हिस्सा होंगे। मथुरा में यूपी भाजपा की कोर कमेटी की विशेष बैठक भी प्रस्तावित है।

RLD के नेताओं से भी लिया जाएगा फीडबैक

बैठक सिर्फ भाजपा नेताओं तक सीमित नहीं रहेगी। एनडीए के प्रमुख सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेताओं को भी बुलाकर उनसे फीडबैक लिया जाएगा। इसके अलावा ब्रज क्षेत्र के मौजूदा और पूर्व सांसदों, विधायकों तथा संगठन पदाधिकारियों से भी राय ली जाएगी। लोकसभा चुनाव 2024 में मिले सियासी झटके के बाद पार्टी संगठन की कमजोरियां दूर करने, जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी समझने और क्षेत्रवार जातीय व चुनावी समीकरण साधने में जुटी है। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने पूरे प्रदेश को अलग-अलग संगठनात्मक क्षेत्रों में बांटकर समीक्षा का कार्यक्रम बनाया है। इससे पहले गोरखपुर में नितिन नवीन ने संगठनात्मक बैठक कर पूर्वांचल की तैयारियों का जायजा लिया था।

राजनीतिक गलियारों में इसे 2027 में कोई जोखिम न लेने की भाजपा की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। तावड़े पहले ही साफ कर चुके हैं कि योगी आदित्यनाथ 2027 में पार्टी का चेहरा होंगे और एनडीए लगातार तीसरे कार्यकाल का लक्ष्य लेकर चल रहा है।

मतदाता पंजीकरण अभियान पर BJP का जोर

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से 19 नवंबर से बूथ-स्तर पर मतदाता पंजीकरण अभियान शुरू करने का आह्वान किया। भाजपा के 'मतदाता जोड़ो अभियान’ के तहत आयोजित विशेष कार्यशाला को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रत्येक पात्र वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना उसका संवैधानिक अधिकार है, वहीं प्रत्येक अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है। योगी ने कहा, 'मतदाता सूची का शुद्धीकरण केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का संवैधानिक दायित्व है। पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लें और 19 नवंबर से बूथ स्तर पर पूरे जोर-शोर से अभियान शुरू करें।’

Ravikant Rai
रविकांत रायauthor

सत्ता के गलियारों से आम जनमानस से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र, । राजनीति के हर दांव पेंच से वाकिफ, 13 सालों में दो लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधान सभा चुनाव कवर करने का अनुभव। संसद भवन, बीजेपी और प्रधानमंत्री कार्यालय को मैं कवर करता हूं... फिल्मे देखना , सपने देखना और उनका पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देना ये मेरा जुनून है।

और पढ़ें
End of Article