देश

INDIA को आज ताकत दिखाएगा NDA: नंबर गेम में 300 पार जाने की तैयारी, सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं PM Modi

NDA Parliamentary Party Meeting: संसदीय दल की बैठक के बाद एनडीए के नेता राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। हालांकि, इससे पहले एनडीए 293 के आंकड़े को 300 पार ले जाना चाहता है। सूत्रों के मुताबिक, एनडीए के अलावा कई अन्य सांसद भी भाजपा के संपर्क में आए हैं। बताया जा रहा है कि कई निर्दलीय सांसदों के अलावा कुछ छोटी पार्टियों से भी बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है।

Image

एनडीए संसदीय दल की ब

Photo : Twitter

NDA Parliamentary Party Meeting: भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने की तैयारी पूरी कर ली है। हालांकि, 293 सीटें हासिल करने वाला एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले नंबर गेम में 300 पार जाने के मूड में है। इसको लेकर भाजपा की ओर से पूरा खाका खींचा जा चुका है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज होने वाली संसदीय दल की बैठक में एनडीए विपक्ष को अपनी ताकत दिखाने का पूरा प्रयास करेगा।

बता दें, आज संसद भवन परिसर में सुबह 11 बजे एनडीए के सभी सांसदों की बैठक होगी। इस बैठक में एनडीए के सभी सांसद मिलकर नरेंद्र मोदी को एनडीए के संसदीय दल का नेता चुनेंगे। बैठक में भाजपा एवं सहयोगी दलों के सांसदों के साथ-साथ एनडीए सहयोगी दलों के नेता, भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री, विभिन्न राज्यों से जुड़े भाजपा के वे नेता जो विधानसभा में विपक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं समेत पार्टी के कई अन्य नेता भी मौजूद रह सकते हैं। इसके अलावा निर्दलीय व कुछ छोटी पार्टियों के सांसद भी बैठक से जुड़ सकते हैं।

दावा पेश करने से पहले 300 पार पहुंचने की कवायद

संसदीय दल की बैठक के बाद एनडीए के नेता राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। हालांकि, इससे पहले 293 सीटों वाला एनडीए 300 से ज्यादा सांसदों का समर्थन हासिल करना चाहता है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को पीएम आवास पर हुए एनडीए के नेताओं की बैठक में सर्वसम्मति से नरेंद्र मोदी को एनडीए के नेता चुनने के बाद कई अन्य सांसद भी भाजपा के संपर्क में आए हैं और निर्दलीय सांसदों के अलावा कुछ छोटी पार्टियों से भी बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। इस बात की पूरी संभावना है कि एनडीए नेता तीन सौ से ज्यादा सांसदों के समर्थन के साथ राष्ट्रपति के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

9 जून को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह

सूत्रों के अनुसार, 9 जून की शाम को एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। इससे पहले भाजपा ने अपने सभी मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को भी आज की महत्वपूर्ण बैठक के लिए दिल्ली बुलाया है। एनडीए संसदीय दल की बैठक के अलावा लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर भी शुक्रवार को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की अलग से अहम बैठक होने की संभावना भी है। इन बैठकों के लिए भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं उपमुख्यमंत्रियों का राजधानी दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article