देश

Navbharat Navnirman Manch 2024: हमारे विधायक बिक गए, आज BJP ने खरीदा, कल हम फिर खरीद लेंगे...बोले अखिलेश यादव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 28, 2024, 03:56 PM IST

नवभारत नवनिर्माण मंच पर अखिलेश यादव ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा, अगर आप इतने काम कर रहे हैं तो दूसरे के विधायकों को क्यों तोड़ रहे हैं। आपने इन विधायकों को कितना पैकेज दिया है, इसका भी हिसाब देना चाहिए।

Image

नवभारत नवनिर्माण मंच पर अखिलेश यादव

Navbharat Navnirman Manch 2024: नवभारत नवनिर्माण मंच पर पहुंचे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हालिया राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया। टाइम्स नेटवर्क की ग्रुुप एडिटर व टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के साथ बातचीत में अखिलेश ने कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की।डिनर पॉलिटिक्स के बावजूद राज्यसभा चुनाव में तगड़े झटके पर अखिलेश ने कहा कि सपा की केटरिंग ताज से हो रही थी, लगता है कि उन्हें (बागी विधायक) यहां का खाना पसंद नहीं आया। पता नहीं दूसरे पक्ष की केटरिंग कहां से हो रही थी। आपने डिनर की बात की, लेकिन डेजर्ट की बात नहीं की, लगता है बीजेपी के पास डेजर्ट अच्छे हैं, जलेबी दे रहे हैं, गुलाबजामुन दे रहे हैं। शायद गुलाबजामुन के अंदर कुछ दे रहे हों, तभी हमारे कुछ साथी छोड़कर चले गए।

समाजवादियों ने नवनिर्माण किया है

अखिलेश ने कहा- जो खाए वो पछताए, जो न खाए वो पछताए। बीजेपी को अगर लगता था कि उसे अपने काम पर बहुत भरोसा है, तो उन्हें दूसरे दलों को लालच देने की क्या जरूरत है। आप विधायकों के खिलाफ थाने की एफआईआर निकाल रहे हो, दिल्ली से लखनऊ, लखनऊ से दिल्ली। आप विश्व गुरू बन गए हो, तो आपको दूसरे के वोटों की क्या जरूरत पड़ गई। आपका टॉपिक अच्छा है, नवनिर्माण। इस पर बात होनी चाहिए। ये जो अंसल सिटी है, ये समाजवादियों का काम है, नेताजी ने डिजाइन किया था। इस सरकार में कब असल नवनिर्माण होगा, कब अच्छी सड़के होंगी, सुरक्षा होगी। मेदांता हो, लुलु मॉल हो, बेस्ट प्राइस हो, अमूल हो, पराग हो, ये सब सममाजवादियों का काम है। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर यूनिवर्सिटी बननी थी। कैंसर इंस्टीट्यूट पास जहां हार्ट अस्पताल बनना था, वहां की जमीन छीनकर कर यूनिवर्सिटी बना रहे हो, तो ये क्या नवनिर्माण हो रहा है।

एयरपोर्ट बन नहीं रहे, बेचे जा रहे हैं

इस सवाल पर कि क्या इस सरकार में कोई काम नहीं हो रहा है, आज कई योजनाएं चल रही हैं, हाईवे बन रहे, एयरपोर्ट बन रहे हैं, अखिलेश ने कहा- एयरपोर्ट बन नहीं रहे, बेचे जा रहे हैं। जहां सरकार दावा कर रही है, वहां पहले से हवाई पट्टी थी। क्या आप किसानों से जमीन छीन लेंगे, आप किसानों को 500 करोड़ नहीं दे सकते। अयोध्या के किसान सरयू में उतर गए और जनेऊ पकड़कर कहा कि अब बीजेपी को कभी वोट नहीं देंगे, अपनी पीढियों को भी यही बताकर जाएंगे। आवास क्या अभी बन रहे हैं, ये पहले से बन रहे हैं, समाजवादियों ने भी मकान बनाए। आज हम अगर कोई बात बता दें तो ये नकल कर लेते हैं।

हर परीक्षा में पेपर होता है लीक

उन्होंने कहा, इनकी सरकार में हर परीक्षा में पेपर लीक होता है, 9 बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, अभी पुलिस भर्ती का पेपर लीक हो गया। पेपर लीक से 2.25 लाख युवा प्रभावित हुए हैं तो भाजपा कैसे जीतेगी। अगर आप इतने काम कर रहे हैं तो दूसरे के विधायकों को क्यों तोड़ रहे हैं। आपने इन विधायकों को कितना पैकेज दिया है, इसका भी हिसाब देना चाहिए।

हमारे विधायक बिक गए...

अखिलेश ने कहा, विधायक बिक गए, आज बीजेपी ने खरीदा कल हम फिर खरीद लेंगे। जो बिक रहा है, जब जरूरत होगी तो खरीद लेंगे। इन विधायकों ने हमें भरोसा दिया कि हम पक्के रहेंगे, ईमानदार रहेंगे, लेकिन ये ऐसा करेंगे किसने सोचा था। अब हमें बीजेपी की खबरें कौन देगा, इसकी चिंता है। मुझे पता था कि ये बीजेपी मंत्रियों के साथ उठ-बैठ रहे हैं। ये तब हमें बीजेपी की जानकारी देते थे। अब ये जनता का सामना कैसे करेंगे। जिस वोट से जीतकर आए, उनका कैसे सामना करेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article