देश

नफे सिंह राठी ने 6 महीने पहले अपनी जान को बताया था खतरा, हरियाणा सरकार रही नाकाम, बोले अभय चौटाला

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 26, 2024, 07:15 AM IST

अभय चौटाला ने घटना की सीबीआई जांच की भी मांग की। अभय चौटाला ने कहा कि दो बार के विधायक को पुलिस सुरक्षा प्रदान नहीं की गई थी।

Image

नफे सिंह राठी

Nafe Singh Rathee Killed: इंडियन नेशनल लोकदल के अभय चौटाला ने दावा किया है कि पार्टी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने पहले उन्हें बताया था कि उनकी जान खतरे में है। नफे सिंह राठी और एक पार्टी कार्यकर्ता जय किशन को हमलावरों ने उनकी एसयूवी में गोलियों से छलनी कर दिया। अभय चौटाला ने बहादुरगढ़ के उस अस्पताल का दौरा किया, जहां इनके शव रखे गए थे। अभय ने हरियाणा सरकार पर नफे सिंह राठी की जान को खतरा होने के बावजूद सुरक्षा प्रदान करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया, और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृह मंत्री अनिल विज के इस्तीफे की मांग की।

घटना की सीबीआई जांच की मांग

पत्रकारों से बात करते हुए अभय चौटाला ने घटना की सीबीआई जांच की भी मांग की। अभय चौटाला ने कहा कि दो बार के विधायक जो हमारी राज्य इकाई के प्रमुख थे, उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और राज्य के गृह मंत्री को लिखित रूप से आवेदन दिया गया था कि उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, राठी ने मुझे छह महीने पहले बताया था कि उन्हें कुछ पुलिस कर्मियों ने सूचित किया था कि उन्हें जान का खतरा है। बाद में मैंने एसपी झज्जर से भी फोन पर बात की और उन्हें इसके बारे में बताया। अगर उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई होती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।

दो बार बहादुरगढ़ से विधायक रहे राठी

अभय चौटाला ने कहा कि तीन निजी बंदूकधारी, जिन्हें राठी ने सुरक्षा के लिए नियुक्त किया था, उन्हें भी चोटें आई हैं। 67 वर्षीय इनेलो नेता राठी एक एसयूवी में जा रहे थे जब झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में कार में सवार हमलावरों ने उन पर हमला किया। अभय चौटाला ने कहा कि उन पर गोलियों की बौछार की गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि राठी को गर्दन, पेट, रीढ़ और जांघ में चोटें आईं और बहुत खून बह गया था। राठी 1996 और 2005 में दो बार बहादुरगढ़ सीट से विधायक चुने गए थे।

सीएम खट्टर बोले, होगी सख्त कार्रवाई

मनोहर लाल खट्टर ने घटना पर हैरानी जताते हुए कहा कि इस मामले में शामिल एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना, इस कठिन समय में हम उनके साथ हैं। इस मामले में शामिल एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article