देश

Muzaffarnagar Riots: कवाल कांड में भाजपा विधायक विक्रम सैनी को हुई 2 साल की सजा, जमानत भी मिल गई

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 12, 2022, 06:03 PM IST

Muzaffarnagar Riots: दो हिंदू युवकों गौरव और सचिन के साथ-साथ एक मुस्लिम युवक शाहनवाज की हत्या के बाद अगस्त और सितंबर 2013 में मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। इन दंगों में 60 लोगों की मौत हो गई थी और 40,000 लोग विस्थापित हो गए थे।

Image

कवाल कांड में भाजपा विधायक विक्रम सैनी को दो साल की सजा

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • कवाल कांड के बाद ही शुरू हुआ था दंगा
  • कई भाजपा नेताओं पर लगे थे आरोप
  • सपा के नेताओं पर भी लगे थे आरोप

मुजफ्फरनगर दंगों (Muzaffarnagar Riots) से जुड़े एक मामले में भाजपा के विधायक विक्रम सैनी को दोषी पाया गया है। एक विशेष अदालत ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई है। विधायक के साथ-साथ इस मामले में 11 और लोगों को सजा सुनाई गई है। हालांकि बाद में इन दोषियों को जमानत भी मिल गई।

इन आरोपों के तहत सजा

इस मामले में 12वें आरोपी को एक साल कैद की सजा सुनाई गई है। सरकारी वकील ने कहा कि सभी 12 को जमानत जमा पर बेल दे दी गई। सैनी खतौली से भाजपा विधायक हैं। उनके वकील भरतवीर अहलावत ने कहा कि फैसले के खिलाफ अपील दायर की जाएगी। सरकारी वकील नरेंद्र शर्मा ने कहा कि सैनी सहित 11 लोगों को- दंगा भड़काने, घातक हथियारों से लैस होकर दंगा करने, दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने, लोक सेवक को अपने कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला करने- समेत अन्य संबंधित आरोपों के तहत दोषी ठहराया गया है।

सजा के साथ ही मिल गई जमानत

सरकारी वकील के अनुसार 12वें आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत दोषी ठहराया गया है। इस मामले में सजा सुनाने के बाद अदालत ने विक्रम सैनी सहित सभी 12 आरोपियों को जमानत भी दे दी। इन आरोपियों को 25-25 हजार रुपये की दो जमानत राशि जमा करने के बाद रिहा कर दिया गया।

क्या था मामला

मामला उस कवाल कांड (Kawal Kand) का था, जिससे मुजफ्फरनगर दंगे शुरू हुए थे। इसी कवाल कांड को मुजफ्फरनगर दंगों की जड़ माना जाता है। घटना 28 अगस्त 2013 की है, जब मुजफ्फरनगर के कवाल कस्बे में शाहनवाज, सचिन और गौरव की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कहा कि शाहनवाज की हत्या के मुख्य आरोपी सचिन और गौरव की ग्रामीणों ने हत्या कर दी। इन हत्याओं ने मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में सांप्रदायिक दंगे भड़का दिए थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article