शहर

'देश में UP का और विदेशों में भारत का अपमान करते हैं...' रायबरेली में राहुल पर बरसे सीएम योगी, मनुस्मृति को लेकर भी जमकर सुनाया

योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के पुराने बयानों और कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा, जब राहुल गांधी यूपी से बाहर जाते हैं तो उत्तर प्रदेश का अपमान करते हैं और जब देश से बाहर विदेश जाते हैं तो पूरे भारत का अपमान करते हैं।

Image

रायबरेली में राहुल गांधी पर बरसे सीएम योगी

Photo : ANI

CM Yogi Attacks Rahul Gandhi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री पद, देश की संवैधानिक संस्थाओं, सांस्कृतिक विरासत और मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों पर कड़ा ऐतराज जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री और देश के प्रमुख संस्थानों पर टिप्पणी करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, जब आप भारत की संस्थाओं और प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक या अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो आप केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं कर रहे होते, बल्कि पूरी संस्था और देश का अपमान करते हैं।

सीएम योगी ने कहा, देश के प्रधानमंत्री महज एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की एक संप्रभु संस्था हैं। अगर देश की संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा किया जाएगा, तो भारत का हर नागरिक खुद को कटघरे में महसूस करेगा। ऐसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से वर्तमान पीढ़ी के सामने पहचान का संकट पैदा होता है, क्योंकि पूरी संस्था ही संदेह के घेरे में आ जाती है।

कहा-राहुल गांधी से देश को कोई उम्मीद नहीं

महाराष्ट्र में राहुल गांधी द्वारा 'मनुस्मृति' को लेकर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, राहुल जी, देश को आपसे राहुल गांधी के रूप में कोई उम्मीद नहीं है। वास्तव में, देश को आपसे कोई अपेक्षा ही नहीं रही। लेकिन संसद में नेता प्रतिपक्ष (LoP) होने के नाते आपकी देश के लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही बनती है। आपने भारत के संविधान की शपथ ली है, फिर भी आप भारत की परंपराओं और विरासत को नीचा दिखाना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।

विदेशों में देश और यूपी का अपमान करने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के पुराने बयानों और कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा, जब राहुल गांधी यूपी से बाहर जाते हैं तो उत्तर प्रदेश का अपमान करते हैं और जब देश से बाहर विदेश जाते हैं तो पूरे भारत का अपमान करते हैं। आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में वे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से देशविरोधी तत्वों का हौसला बढ़ाते हैं। उनकी पार्टी ने अयोध्या में भगवान श्री राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए थे। लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता का सच पूरा देश 1975 में लगे आपातकाल के काले अध्याय में देख चुका है।

'मनु को समझना है तो वेद-पुराण पढ़ें'

राहुल गांधी द्वारा 'मनु' और भारतीय परंपराओं पर की गई टिप्पणियों का जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में मनु को समझना चाहते हैं, तो उन्हें हवा-हवाई बातें करने के बजाय अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण पढ़ना चाहिए, जहां उन्हें सही जानकारी और सभी उत्तर मिल जाएंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article