देश

LPG Crisis के बीच झांसी में कहां गायब हो गए 18 लाख के गैस सिलेंडर;500 से ज्यादा सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी

यूपी के झांसी में एलपीजी से भरे हुए 500 से ज्यादा सिलेंडरों के चोरी होने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन इस चोरी को बेहद अहम इसलिए माना जा रहा है क्योंकि ये तब हुआ है जब पहले ही देश में एलपीजी की किल्लत देखी जा रही है।

Image

एलपीजी सिलेंडर

मध्य पूर्व में जारी जंग के बीच भारत में भी उर्जा संकट का असर देखा जा रहा है। जिसके कारण भारत में एलपीजी गैस की किल्लत देखने को मिल रही है। इस बीच, जबकि एलपीजी गैस को लेकर भारी संकट की स्थिति है उस समय यूपी के झांसी से एक बड़ा अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां गैस सिलेंडरो से भरे एक ट्रक की चोरी हो गई। दावा है कि ट्रक में करीब 524 एलपीजी सिलेंडर भरे हुए थे। इन गैस से भरे सिलेंडरों की कीमत 18 लाख रुपये बताई जा रही है।

524 भरे हुए गैस सिलेंडर थे लोड

सीपरी बाजार थाने के एसएचओ जयप्रकाश चौबे ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रक, रायगंज निवासी नीरज अग्रवाल का है,जो भारत पेट्रोलियम करारी डिपो से जुड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि दो मार्च को ड्राइवर राजकुमार ने ट्रक में 524 भरे हुए गैस सिलेंडर लोड किए और उसे करारी डिपो के बाहर खड़ा कर दिया। इसके बाद जब वह होली के बाद छह मार्च को लौटा तो ट्रक गायब था।

सात मार्च को बरामद हुआ ट्रक

जयप्रकाश चौबे ने आगे बताया कि जब ट्रक की तलाशी शुरू की गई तो ट्रक को बाद में सात मार्च को बारागांव क्षेत्र में परीछा थर्मल पावर प्लांट के पास हाईवे किनारे एक सुनसान जगह पर पाया गया। बरामद ट्रक को जब जांचा गया तो सभी सिलेंडर गायब हो चुके थे। इतना ही नहीं चोरी करने वालों ने ट्रक की लोकेशन डिवाइस को भी खराब कर दिया था। जिससे ट्रक को ट्रैक नहीं किया जा सका।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

फिलहाल इस चौंकाने वाली गैस चोरी के मामले में पुलिस ने ट्रक के मालिक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और घटना का खुलासा करने में लग गई है। इसके लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। चोरी में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!